मोदी बोले- जहां-जहां कांग्रेस आई, तबाही लाई: विंध्य में फर्स्ट टाइम वोटर से कहा- चुनाव को आप लीड करिए
सतना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरे दिन मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने सतना में चुनावी सभा काे संबोधित किया। यहां पीएम मोदी ने कहा कि ‘ मतदान से पहले ही कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा फूट गया है। उसके पास विकास का रोडमैप नहीं है। कांग्रेस के थके-हारे चेहरों में युवाओं को भविष्य नहीं दिखता, इसीलिए MP को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। जहां-जहां कांग्रेस आई, वहां तबाही लाई है।’
PM ने वादा करते हुए कहा, ‘अयोध्या में जिस भक्ति से हम प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बना रहे हैं, उसी भक्ति से गरीबों के घर भी बनाते हैं। जिन्हें अभी भी घर (PM आवास) नहीं मिला है, मोदी की गारंटी है कि उनका घर भी बनेगा। 3 दिसंबर को सरकार वापसी पर PM आवास का काम तेजी से शुरू होगा। ये मोदी है, जिसने 4 करोड़ घर बनाए, लेकिन खुद के लिए घर नहीं बनाया।’
मोदी ने युवाओं खासकर फर्स्ट टाइम वोटर से कहा, ‘पूरे चुनाव को आप लीड करिए।’
प्रधानमंत्री छतरपुर, इसके बाद नीमच में भी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
राम मंदिर से खुशी की लहर
मोदी ने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं, वहां अयोध्या में बन रहे प्रभु राम के मंदिर की चर्चा चलती है। देश में खुशी की लहर है। इस पावन कालखंड में मन में एक बात बार-बार आती है। यह बात मुझे आंदोलित करती रहती है। मुझे तेज गति से दौड़ने की प्रेरणा देती है। वह बात है- राम काज कीजे बिनु, मोहि कहां विश्राम…। अब रुकना नहीं है, थकना नहीं है।
एक वोट में त्रिशक्तियां, यानी तीन कमाल
मोदी ने कहा कि MP के चुनाव में आपका हर वोट त्रिशक्ति की ताकत से भरा है। 1). आपका एक वोट यहां फिर से भाजपा की सरकार बनाने जा रहा है। 2). आपका वोट दिल्ली में मोदी को मजबूत करेगा। 3). आपका यही वोट भ्रष्टाचारी कांग्रेस को MP की सरकार से 100 कोस दूर रखेगा। यानी एक वोट, तीन कमाल।
सतना से विश्व शांति का संदेश
मोदी ने कहा कि ये सतना की ही ताकत और सामर्थ्य है कि बंदूक की नली से संगीत के सुर निकलते हैं। विश्व में जब चारों तरफ बम-बंदूक की आवाजें सुनाई दे रही हैं, भारत जैसे देश आज दुनिया में विचार का प्रभाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। युद्ध की मानसिकता वाले मानव समुदाय को सतना की इस धरती का ये सशक्त संदेश है।
15 सीटों पर असर
PM की सतना की सभा ने विंध्य की 30 विधानसभा सीटों को कवर किया। सतना की 7 तो रीवा जिले की 8 सीटों पर असर पड़ा। छतरपुर की सभा से छतरपुर की 6, पन्ना की 3, टीकमगढ़ की 3, निवाड़ी की 2 सीट को PM कवर करेंगे। यह सभा बुंदेलखंड की 26 सीटों पर असर डालेगी। नीमच की सभा से नीमच की 3, मंदसौर की 4 सीट को कवर करेंगे। निमाड़ के दूसरे जिलों में भी इस सभा का असर होगा।