मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले- मुगलों ने मंदिर तोड़े और लूटे, बजट से चारों वर्ग खुश

इंदौर। आवास एवं शहरी विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को इंदौर में कहा कि हमारे एक हजार से ज्यादा मंदिरों को मुगलों ने तोड़ा था। वह पीढ़ी तो चली गई, लेकिन अब हमें समझ आ रहा है कि इन मंदिरों को लूटा गया था। क्योंकि मंदिरों में ही खजाना होता था। सभी प्रमाण देख कर ही कोर्ट ने फैसला किया है।
मंत्री विजयवर्गीय ने इंडिया गठबंधन को लेकर कहा कि गठबंधन अब कहां बचा है। अब उनके संयोजक तो भाजपा के साथ सरकार बना रहे हैं। बजट पर विजयवर्गीय बोले- प्रधानमंत्री का फोकस गरीब कल्याण, महिला, युवा सशक्तिकरण और किसान पर है। इन चार वर्ग को प्रभावित किया है। यह बजट देश के कल्याण का है। जैसा पीएम ने कहा- राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दिन हमें एक हजार साल बाद के देश के बारे में भी सोचना है। अभी से तो 2047 शताब्दी पूरी होगी। उस वक्त का ध्यान रखते हुए बजट बना है।
फाइनेंस मिनिस्ट्री भी महिला के हाथों में
कैलाश विजयवर्गीय ने पिछले दिनों इंदौर में कहा था कि किसी भी सरकार के लिए फाइनेंस मिनिस्ट्री महत्वपूर्ण होती है। देश की फाइनेंस मिनिस्ट्री भी महिला के हाथों में है। घरों के अंदर भी महिला के पास ही रहती है। वही घर चलाती हैं।