Friday, September 12, 2025
MPNation

छिंदवाड़ा में तेंदुए ने किया महिला का शिकार, रात में खींचकर ले गया; सुबह मक्के के खेत में मिला शव

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में एक तेंदुए ने महिला का शिकार किया। रात करीब 12 बजे तेंदुआ महिला को खींच कर ले गया। बुधवार सुबह महिला का शव मक्के के खेत में मिला है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।

घटना छिंदी रेंज के दाम-खोह पंचायत के इमझिरी गांव की है। गांव वालों के मुताबिक यहां पिछले कई दिनों से तेंदुए का मूवमेंट है। गांव की रहने वाली रजनी (23) पिता क्रेसलाल भलावी मंगलवार रात परिवार वालों के साथ सोई थी। रात करीब 12 बजे वह टॉयलेट के लिए जागी। वह घर के बाहर स्थित खेत की तरफ गई। इसी दौरान तेंदुए ने हमला कर दिया।

सुबह जब युवती के चचेरी बहन कविता खेत की तरफ गई, तो उसने रजनी को लहूलुहान हालत में देखा। उसने परिजनों को इसकी सूचना दी। परिवारवालों ने वन विभाग और पुलिस को भी सूचना दी।

वन विभाग के अफसर मौके पर पहुंचे हैं। जांच के दौरान युवती के सिर और गर्दन पर तेंदुए के पंजों के निशान हैं। उसके घर में माता – पिता के साथ उसका एक बड़ा भाई और तीन बहनें हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है।

एक महीने पहले भी किया था शिकार

एक महीने पहले सौंसर रेंज के खमारपानी के जंगल में बाघ ने चरवाहे का शिकार किया था। कई दिनों से तीन से चार रेंज में तेंदुए और बाघ की दस्तक है। पिछले दो महीने में मवेशी समेत एक बच्ची और युवती का शिकार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *