भोपाल में कोलार सिक्सलेन प्रोजेक्ट की रफ्तार: कोलार तिराहे से 200 मीटर सड़क चौड़ी की; अब सीमेंट क्रांकीट होगा
भोपाल। राजधानी में कोलार सिक्सलेन प्रोजेक्ट के तहत कोलार रेस्ट हाउस तिराहे से 200 मीटर लंबी सड़क चौड़ी कर दी गई है। अब मलबा हटाया जा रहा है। इसके बाद कोलार तिराहे से सीमेंट कांक्रीट की शुरुआत होगी। चौड़ीकरण का बाकी काम भी जल्द किया जाएगा।
विधायक रामेश्वर शर्मा और कलेक्टर अविनाश लवानिया ने प्रोजेक्ट की समीक्षा की थी। उन्होंने कोलार रेस्ट हाउस तिराहे पर भी सड़क चौड़ीकरण के लिए कहा था। इसके चलते यहां काम जारी किया गया। बुधवार सुबह से चौड़ीकरण शुरू हुआ।
222 करोड़ का है प्रोजेक्ट
सिक्सलेन प्रोजेक्ट 222 करोड़ रुपए का है। इसका भूमिपूजन पिछले साल 29 अक्टूबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था। कुल 15.10 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन में मुख्य सर्व-धर्म ब्रिज के साथ 27 अन्य छोटी-बड़ी पुल-पुलियाएं भी बनाई जानी हैं। चूना भट्टी के पास भी दो पुलियाएं बनाई जा रही हैं। इस कारण चूना भट्टी से सर्व-धर्म ब्रिज के बीच एक ही लेन से राहगीर आ-जा रहे हैं।
इसलिए बना रहे सिक्सलेन
कोलार रोड के गोल जोड़ से बैरागढ़ चिचली के बीच सर्व-धर्म, मंदाकिनी, बीमाकुंज, कान्हाकुंज, सीआई, चूना भट्टी एरिया, नयापुरा, ललितानगर, गेहूंखेड़ा, नहर की पुलिया समेत करीब 100 कॉलोनियां बसी हैं। यहां के लोग इसी रोड से आना-जाना करते हैं। बढ़ती आबादी के साथ सड़क छोटी पड़ने लगी है। आए दिन जाम लगता है। वहीं, बारिश में सड़क जर्जर हो जाती है। लिहाजा, सीएम ने सिक्स लेन प्रोजेक्ट की मंजूरी दी।
सिक्सलेन में यह
- सिक्स लेन कोलार रेस्ट हाउस से गोल जोड़ तक कुल 15.10 किमी लंबा होगा।
- चूना भट्टी, मंदाकिनी, नयापुरा, ललितानगर, डी-मार्ट के पास आदि चौराहों का भी चौड़ीकरण।
- सभी लेफ्ट टर्न चौड़े होंगे।
- कनेक्टिंग मार्गों को 50 से 200 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा।
- मेट्रो प्रोजेक्ट के चलते सेंट्रल वर्ज में 3 मीटर चौड़ी जगह छोड़ी जाएगी।
- बीचों बीच डिवाइडर रहेंगे।
- लाइटिंग होने से सड़क पर रोशनी रहेगी।
- फुटपाथ भी बनेगा, ताकि कॉलोनियों के लोगों को राहत मिल सके।