कपटनाथ कहने पर कमलनाथ का जवाब, बोले- मुझे BJP नहीं, जनता का सर्टिफिकेट चाहिए, कहा- मध्यप्रदेश बना हड़ताल प्रदेश
दमोह। भाजपा द्वारा कमलनाथ को कपटनाथ कहने पर पीसीसी चीफ ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे कोई कुछ भी कहें, मैं जो हूं वही रहूंगा। मैं बदल नहीं सकता। मुझे भाजपा का नहीं जनता का सर्टिफिकेट चाहिए। प्रदेश में चल रही हड़ताल पर कहा कि मध्यप्रदेश इन दिनों हड़ताल प्रदेश बन गया है।
कमलनाथ बुधवार को दमोह जिले के तेजगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि मध्य प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिलाओं पर अपराध चरम पर है। पीसीसी चीफ ने बजरंग दल पर बैन को लेकर कहा, जो भी संगठन नफरत फैलाते हैं, सुप्रीम कोर्ट भी उनके लिए कहता है कि उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
शराब दुकानों में बढ़ोतरी पर कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और घर-घर शराब पहुंच रही है। प्रदेश सरकार शराब दुकानें कम करने की बात कर रही थी, लेकिन उन्होंने प्रदेश में 3 गुनी शराब दुकानें कर दी है। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार चरम पर है। किसान परेशान हैं। आदिवासी महिलाओं के साथ ज्यादा अत्याचार हो रहे।
2008 में प्रदेश कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री रत्नेश सालोमन के चुनाव प्रचार में यहां आए थे। उसके बाद अब आए हैं। अभी मध्य प्रदेश हड़ताल प्रदेश बन गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हों, डॉक्टर हों, स्वास्थ्य कर्मी हों, चाहे संविदा कर्मी, अतिथि शिक्षक हों या युवा सभी हड़ताल पर हैं। प्रदेश का हर वर्ग पिछड़ रहा है।
आगामी चुनाव में कांग्रेस की परफॉर्मेंस को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें मध्यप्रदेश के मतदाताओं पर भरोसा है। ये चुनाव किसी पार्टी या किसी उम्मीदवार का नहीं है, मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है। शिवराज सिंह चौहान 18 साल का हिसाब नहीं दे पा रहे।
उन्होंने 22000 घोषणा की है। बीते कुछ महीनों में तो हालात यह हैं कि उन्होंने घोषणाओं की झड़ी लगा दी है। जहां भी जाते हैं, नारियल रखकर घोषणा कर देते हैं। एक करोड़ युवा मध्यप्रदेश में बेरोजगार हैं। मजबूरन लोगों को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। बुंदेलखंड पहले भी पिछड़ा था। आज भी पिछड़ा हुआ है।