Sunday, June 8, 2025
MPPolitics

कांग्रेस की पहली सूची में कमलनाथ का नाम, छिंदवाड़ा की 6 सीटों पर संशय क्यों? 

राजेश दीक्षित/ छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पहली सूची में 144 नामों की घोषणा कर दी है। इसमें छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मैदान में हैं। इसके अलावा, बाकी 6 सीटों पर संशय की स्थिति बनी हुई है। राजनीतिक विश्लेषक इसका अलग मतलब निकाल रहे हैं। पहली सूची में छिंदवाड़ा से महज एक ही सीट तय हुई है।

माना जा रहा है कि अगली सूची में कांग्रेस पुराने चेहरों पर दांव लगा सकती है। वहीं, नारी सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस ने पहली सूची में नारियों को स्थान नहीं दिया है, जबकि छिंदवाड़ा विधानसभा की जीत का फैसला महिलाएं ही तय करेंगी, क्योंकि क्षेत्र में पुरुषों से अधिक महिला वोटर्स हैं।

वहीं, कांग्रेस ने नारी सम्मान की शुरुआत जिले के परासिया से की थी। इसमें पूर्व मंख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा की लाड़ली बहना योजना को टक्कर दी थी। इसके लिए कांग्रेस ने फार्म भरने का अभियान भी चलाया था। हालांकि कुछ दिन फार्म भरने का अभियान धीमा पड़ गया।

कहीं परिवारवाद तो नहीं

कांग्रेस अब नारी सम्मान में सौंसर विधानसभा से प्रियानाथ को उतार सकती है। ऐसे में सांसद नकुलनाथ, विधायक पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सौंसर विधान सभा से प्रियानाथ रहेंगी। इस तरह जिले में परिवार के तीन सदस्य का वर्चस्व होगा।

महिलाएं करेंगी भाग्य का फैसला

प्रदेश में छिंदवाड़ा ऐसी विधानसभा है, जहां पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इस विधानसभा में पुरुष मतदाता एक लाख 40 हजार 674 हैं। वहीं, महिला मतदाता 1 लाख 41 हजार 002 मतदाता है।

चौरई से हो सकती है घोषणा

प्रदेश में भाजपा की अभी तक चार सूची आ चुकी हैं। अभी तक चौरई विधान सभा में प्रत्याशी तय नहीं हो पाया है। इस विस राजनीति का दारोमदार लोधी, रघुवंशी और पंडितों पर निर्भर है, इसलिए भाजपा पेशोपेश में है। हालांकि यहां से भाजपा ऐन मौके पर बड़ा चेहरा उतारकर कांग्रेस को परेशानी में डाल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *