रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर इंदौर राममय, जेल में रामधुन; मंत्री विजयवर्गीय बोले- राम जन्मभूमि का इतिहास पाठ्यक्रम में शामिल होगा

इंदौर। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर इंदौर भी राममय हो गया है। यहां हर गली में राम नाम गूंज रहा है। कलश यात्रा निकाली जा रही हैं। राम नाम की धुन पर लोग थिरक रहे हैं। मंदिरों में देव प्रतिमाओं का आकर्षक शृंगार किया गया। घरों में रंगोली सजाई गई। यहां 500 से ज्यादा जगह राम मंदिर की प्रतिकृति बनाई गई है।
मंदिरों में अखंड रामायण पाठ, सुंदर कांड से लेकर मोहल्लों में श्रीराम कथा का आयोजन हुआ। बच्चों द्वारा घर-घर राम आधारित पेंटिंग बनाई गई। प्रदेश सरकार में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पितृ पर्वत पर लगाई गई बड़ी स्क्रीन में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव लाइव देखा।

विजयवर्गीय बोले – युवा पीढ़ी को बलिदानियों का ज्ञान होना चाहिए
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राम जन्मभूमि के लिए कई राजाओं और लोगों ने बलिदान दिया है। इसके संबंध में युवा पीढ़ी पता होना चाहिए, इसलिए कोशिश रहेगी कि पाठ्यक्रम में भी राम जन्मभूमि का इतिहास शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि आज जब राम मंदिर में रामलला विराजित हो चुके हैं। सामूहिक प्रयासों से देश में रामराज स्थापित होगा।
सेंट्रल जेल में भी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
इंदौर की सेंट्रल जेल में भी कैदियों और अधिकारियों ने प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मनाया। जेल को भगवामय करते हुए सजाया गया है। केंद्रीय जेल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठी। यहां भी हर्ष और खुशी का माहौल है। जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने बताया कि भगवान राम के लिए बंदी भाई-बहन ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। राम भगवान की पूजा-अर्चना की गई। जेल अधीक्षक ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की।

प्रमुख बाजारों में दिखा भगवा रंग
जेल रोड के अखाड़े के पहलवानों ने 501 किलो लड्डू का वितरण किया। यहां शहर भगवा रंग में नजर आया। वहीं, लड्डुओं के वितरण के साथ-साथ सभी शहर वासियों को बधाइयां भी दी।