गुना कलेक्टोरेट में महिलाओं ने कपड़े उतारे, पुलिसकर्मियों और महिलाओं में झूमाझटकी; पुलिस कस्टडी में दूल्हे की मौत पर प्रदर्शन

गुना। गुना पुलिस की कस्टडी में दूल्हे देवा पारदी की मौत के बाद समाज की महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हंगामा कर दिया। महिलाएं दोपहर में कलेक्ट्रेट में जमा हुई। यहां मौजूद कुछ महिलाओं ने अपने कपड़े उतारना शुरू कर दिए। पुलिसकर्मियों से महिलाओं की झूमाझटकी हुई। महिलाओं की चूड़ियां टूट गईं। एक पारदी महिला के सिर से भी खून निकलने लगा। कलेक्टर डॉ. सतेंद्र सिंह ने कुछ महिलाओं को दोबारा बुलाकर बात सुनी।
महिलाएं बोलीं- पुलिस झूठी, मारपीट से हुई मौत
महिलाओं का कहना है कि पुलिस झूठ बोल रही है कि देवा पारदी (25) की मौत हार्ट अटैक से हुई है। पुलिस ने उसके साथ मारपीट की। उसके चाचा के साथ भी मारपीट की गई है। महिलाओं की मांग है कि देवा के चाचा गंगाराम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जाए।

बारात रवाना होना थी, पुलिस पकड़ ले गई
झागर चौकी पुलिस ने देवा पारदी और उसके चाचा गंगाराम पारदी को रविवार शाम 4.30 बजे पकड़ा था। इसी दिन देवा की बारात गुना के गोकुल सिंह चक्क में जाना थी। रात में परिवार को देवा की मौत की सूचना मिली। मिनी ट्रक में भरकर महिलाएं जिला अस्पताल पहुंच गईं।
देवा की दुल्हन ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। चाची सूरजबाई ने खुद को आग लगा ली। दूसरे दिन सोमवार को भी परिवार के लोग पोस्टमॉर्टम भोपाल में कराने की मांग पर अड़ गए। मजिस्ट्रियल जांच के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
In Guna Collectorate women took off their clothes
पुलिस का दावा- सीने में दर्द उठने के बाद मौत
एडिशनल एसपी मान सिंह ठाकुर का कहना है कि चोरी के संबंध में पूछताछ के लिए देवा पारदी और गंगाराम पारदी को हिरासत में लिया था। रविवार शाम दोनों को चोरी हुए सामान की रिकवरी के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान देवा के सीने में दर्द उठा। उसे म्याना के अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।’ देवा पर 7 अपराध दर्ज हैं।
In Guna Collectorate women took off their clothes