Sunday, June 8, 2025
MP

IAS वीरा राणा को मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव का प्रभार, बैंस के बाद सबसे सीनियर अफसर

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष और अपर मुख्य सचिव स्तर की अधिकारी वीरा राणा काे मध्यप्रदेश का मुख्य सचिव का प्रभार सौंपा गया है। राज्य सरकार ने इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं। राणा ने बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।

30 नवंबर को मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की विदाई को लेकर शिवराज कैबिनेट की बैठक बुलाई गई। इसमें वीरा राणा को अगले मुख्य सचिव के तौर पर इंट्रोड्यूस कराया जा सकता है। वीरा राणा, बैंस के बाद सबसे सीनियर अधिकारी हैं। उनका रिटायरमेंट मार्च 2024 में है।

बैंस को 2 बार मिला एक्सटेंशन

मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को 30 नवंबर 2022 को रिटायर होना था, लेकिन इसके ठीक एक दिन पहले 29 नवंबर की रात उन्हें 6 महीने के लिए 30 मई 2023 तक एक्सटेंशन दे दिया गया। 30 मई आई तो मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय करीब था। ऐसे में इकबाल सिंह बैंस को दोबारा 6 महीने के लिए नवंबर 2023 तक सेवा विस्तार दिया गया।

इनके नाम भी चर्चा में थे

मई 2023 में बैंस को दूसरा एक्सटेंशन देने के पहले केंद्र में पदस्थ अजय तिर्की और अनुराग जैन के नामों को लेकर चर्चा थी। तिर्की दिसंबर 2023 में रिटायर हो रहे हैं, जबकि अनुराग जैन काे रिटायरमेंट अगस्त 2025 में होना है। जैन से भी सीनियर दो IAS संजय बंदोपाध्याय और वीरा राणा हैं। केंद्र में पदस्थ बंदोपाध्याय अगस्त 2024 में रिटायर होंगे।

जब बैंस के दूसरे एक्सटेंशन की अवधि खत्म होने पर आई तो मुख्य सचिव के लिए अन्य दावेदारों में डॉ. राजेश राजौरा, एसएन मिश्रा और मलय श्रीवास्तव के नाम भी सामने आए। ये सभी 1990 बैच के अफसर हैं।

इनके अलावा ACS स्तर के जो अधिकारी CS की पात्रता रखते हैं, उनमें जुलाई 2025 में रिटायर होने वाले ACS हेल्थ मो. सुलेमान के साथ केंद्र में पदस्थ 1989 बैच के आशीष उपाध्याय का नाम भी शामिल रहा है। वे सितंबर 2024 में रिटायर होंगे। इसी बैच के राजीव रंजन भी केंद्र में पदस्थ हैं, लेकिन वे अगले महीने सेवानिवृत हो जाएंगे।

1989 बैच के विनोद कुमार ACS जीएडी और इसी बैच के ACS पशुपालन जेएन कंसोटिया का नाम भी मुख्य सचिव के लिए सामने आया था। विनोद कुमार मई 2025 और कंसोटिया अगस्त 2025 में रिटायर होंगे। मई 2024 में रिटायर होने वाले 1990 बैच के एके राय अध्यक्ष राजस्व मंडल ग्वालियर का भी नाम भी सीएस की रेस में शामिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *