जबलपुर में साइकिल स्टैंड कर्मचारियों की गुंडागर्दी, पर्ची मांगने पर स्टूडेंट को मारे चांटे और लात-घूंसे; छात्र संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

जबलपुर। जबलपुर में कलेक्ट्रेट स्थित साइकिल स्टैंड के कर्मचारियों की गुंडागर्दी सामने आई है। स्टूडेंट ने वाहन पार्क करने के बाद पर्ची मांगी, तो कर्मचारी उस पर टूट पड़े। चार लोगों ने कलेक्ट्रेट में ही जमकर चांटे और लात-घूंसे मारे। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को अलग किया।
इसकी जानकारी छात्र के दोस्तों को लगी, तो वे कलेक्ट्रेट पहुंच गए। छात्रों ने कार्रवाई की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। छात्रों का कहना है कि कलेक्ट्रेट में चल रहा साइकिल स्टैंड अवैध है, जिसका ठेका एक माह पहले खत्म हो चुका है।
जानकारी के मुताबिक कोमल सिंह लाॅ का स्टूडेंट है। वह किसी काम से बुधवार दोपहर कलेक्ट्रेट गया थ। बाइक से वह कलेक्ट्रेट से निकल रहा था, उसी दौरान गेट पर तैनात साइकिल स्टैंड के तीन कर्मचारियों ने 10 रुपए मांगे। कोमल ने 10 रुपए देकर पर्ची मांगी।
कर्मचारियों ने दादागीरी दिखाते हुए कहा कि बिना पर्ची के ही स्टैंड चलता है। इसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। कर्मचारियों ने उसे घेर लिया और थप्पड़, लात-घूंसों से मारा।
अवैध रूप से संचालित हो रहा साइकिल स्टैंड
घटना के बाद मौके पर पहुंचे महाकौशल लॉ स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुश चौधरी का कहना है कि कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा साइकिल स्टैंड को तत्काल बंद किया जाए। यह अवैध रूप से संचालित हो रहा है। छात्र संघ ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो लाॅ स्टूडेंट एसोसिएशन के छात्र कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर बैठकर आंदोलन करेगा।