जबलपुर में 30 रुपए के लिए गुंडागर्दी, पेट्रोल पंप पर कर्मचारी को लात-घूंसों और क्रिकेट बैट से पीटा

जबलपुर। जबलपुर में रानीताल पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने गुंडागर्दी की। पहले एक बदमाश ने 30 रुपए के लिए पेट्रोल पंप कर्मचारी से विवाद किया। इसके बाद साथियों के साथ वहां पहुंचा। यहां कर्मचारियों के साथ क्रिकेट बैट और लात-घूंसों से मारपीट की। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है।
घटना बुधवार रात करीब 9 बजे की है। बताया जाता है कि यहां दो लड़के बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे। पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई। उनके बीच 30 रुपए को लेकर विवाद हुआ था। इस पर बदमाश धमकी देकर चले गए। कुछ देर बार कार से 8 से 10 लड़के पंप पर पहुंचे। सभी ने पंपकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड
वीडियो में देखा जा सकता है कि कार से कुछ लोग पंप पर पहुंचते हैं। आरोपियों ने गाड़ी में से डंडे, हॉकी और क्रिकेट के बैट निकाले। गाड़ी से उतरते ही एक आरोपी पंपकर्मी से झूमाझटकी शुरू कर देता है। इसके साथ ही दूसरे साथी भी वहां पहुंच गए। उन्होंने पंपकर्मी की क्रिकेट के बैट और लात-घूंसे से पिटाई शुरू कर दी। यह देख दूसरे पंपकर्मी बचाव के लिए आ गए। उन्होंने बदमाशों को रोकना चाहा, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
भागते हुए एक आरोपी बाइक को पंप पर छोड़ गया है। लार्डगंज थाना पुलिस आरोपियों की तलाशी में जुट गई है। आरोपी ठक्कर ग्राम के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में नाबालिग आरोपी को पकड़ा है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
बता दें कि करीब 10 मिनट तक यहां हंगामा हाेता रहा। पेट्रोल पंप भी शहर के बीचों-बीच है। पंप के आसपास पुलिस की गश्त भी होती रहती है। इतने पर भी पुलिस वहां नहीं पहुंची।