बच्ची का चेहरा नोंचा, 17 टांके आए; लोगों ने कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला
राजगढ़। राजगढ़ में कुत्ते ने 9 साल की मासूम पर हमला कर दिया। बच्ची को चेहरे पर 17 टांके आए हैं। इसके बाद लोगों ने कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला।
मंगलवार दोपहर माचलपुर में आवारा कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर दिया। वह जमीन पर गिर गई। कुत्ते ने उसका चेहरा नोंच लिया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने रात में कुत्ते को ढूंढ कर उस पर जमकर लाठियां मारीं। लोग कुत्ते को मरने तक पीटते रहे। दोनों घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
कुत्ते के हमले की शिकार अर्पिता गुर्जर अपने मामा ज्ञान सिंह के यहां रहकर पढ़ाई कर रही है। तीसरी क्लास की स्टूडेंट अर्पिता मंगलवार को घर के सामने किराना दुकान पर कुछ सामान लेने गई थी। इसी दौरान कुत्ता उस पर झपट पड़ा।

चीख सुनकर बचाने पहुंचे
अर्पिता की चीख सुनकर वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने दौड़कर उसे बचाया। कुत्ता भाग गया। जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। अर्पिता को माचलपुर अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने चेहरे पर 17 टांके लगाए हैं।
चार लोगों पर हमला कर चुका था
स्थानीय लोगों ने बताया कि अर्पिता पर जिस कुत्ते ने हमला किया, वह दिन भर में 4 लोगों को काट चुका था। नगर परिषद में सूचना देने पर कर्मचारी उसे पकड़ने के लिए आए थे लेकिन कुत्ता हाथ नहीं लगा।