जबलपुर में कारोबारी को लूटने वाला गिरोह दबोचा, कोर्ट में पेश कर भेजा जेल

जबलपुर। जबलपुर पुलिस ने रेकी कर कारोबारी को लूटने वाले गिरोह को पकड़ा है। आरोपियों के पास से लूटे गए ढाई लाख रुपए भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
घटना 26 फरवरी की है। रात 9 बजे विनोद चौबे चुंगी नाका में स्थित दुकान बंद कर ढाई लाख रुपए लेकर एक्टिवा से विजय नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। घर के बाहर वह गाड़ी खड़ी कर रहे थे, इसी दौरान एक युवक थैला लेकर भाग गया। विनोद चौबे ने पीछा करके पकड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। वारदात वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।
विनोद ने इसकी शिकायत विजयनगर थाने में दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने मामले में आकाश चौधरी और राजा चौधरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अनुराग चौधरी, रूपेश जैन, नवीन चौधरी और शाहबाज चौधरी को भी गिरफ्तार किया है।