खंडवा में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप, स्कूल से बाइक पर बिठा ले गए 4 दोस्त, महाराष्ट्र भी ले गए; फिर बस में बैठाकर छोड़ा
खंडवा। खंडवा में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया के दोस्त छात्रा को स्कूल से बाइक पर बिठाकर ले गए थे। पहले दो युवकों ने दुष्कर्म किया। बाद में एक युवक शादी का झांसा देकर महाराष्ट्र ले गया। यहां भी बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद खंडवा जाने वाली बस में बैठा दिया।
छात्रा ने रविवार को मूंदी आकर थाने में शिकायत की। पुलिस ने केस दर्ज कर तीन आरोपियों को राउंडअप किया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
16 साल की छात्रा ने पुलिस को बताया कि 21 दिसंबर की शाम 4 बजे वह स्कूल से घर लौट रही थी। स्कूल के बाहर अनुराग और हरीश मिले। दोनों से उसकी इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दोनों ने छात्रा को गांव छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठा लिया। आरोपी उसे केनूद की तरफ जंगल में ले गए। थोड़ी देर बाद दूसरे बाइक से शाहरुख और गोल्डी यादव आए। इधर, छात्रा के परिजनों ने भी मूंदी थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी।
घर जाने के लिए गिड़गिड़ाती रही छात्रा
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों के सामने घर जाने के लिए गिड़गिड़ाती रही। आरोपी उसे गोल्डी यादव के खेत पर ले गए। यहां गोल्डी और शाहरुख ने उसके साथ रेप किया। इसके बाद अनुराग ने उसे साथ चलने और शादी करने का झांसा दिया। यहां से बाइक से खंडवा ले आया। अनुराग छात्रा को ट्रेन से महाराष्ट्र के अमन नगर ले गया।
अमननगर में खेत में उसके साथ रेप किया। अनुराग यहां मजदूरी करने लग गया। छात्रा ने उसके साथ रहने से मना कर दिया। रविवार को अनुराग ने खंडवा लाकर मूंदी के लिए बस में बिठा दिया। मूंदी में छात्रा ने माता-पिता को आपबीती बताई।
परिजन छात्रा को थाने ले आए। पुलिस ने दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। रविवार देर रात पुलिस ने शाहरुख खान, हरीश राठौर और गोल्डी उर्फ अथर्व यादव को राउंडअप कर लिया, जबकि अनुराग फरार है।