पंजाब के पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल का निधन, 95 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
अमृतसर। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार को निधन हो गया। वे 95 साल के साथ। शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मोहाली के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वे पंजाब के 5 बार मुख्यमंत्री रहे। केंद्र सरकार दो दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा किया है।
जून 2022 में भी सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें भर्ती किया गया था। हालांकि कुछ समय बाद अस्पताल से छुट्टी हो गई थी। सितंबर 2022 में फिर सेहत बिगड़ने के बाद उन्हें PGI चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था।
पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से निष्क्रिय
बादल 2022 में पंजाब विधानसभा का चुनाव हार गए थे। यह उनके राजनीतिक करियर की पहली हार थी। अधिक उम्र के कारण वे चुनाव लड़ना नहीं चाहते थे, लेकिन बेटे सुखबीर बादल के कहने और पंजाब में अकाली दल की दयनीय स्थिति को देखते हुए प्रकाश सिंह बादल मैदान में उतरे थे।
सबसे कम उम्र के सरपंच और अधिक उम्र के उम्मीदवार
प्रकाश सिंह बादल ने 1947 में राजनीति शुरू की थी। उन्होंने सरपंच का चुनाव लड़ा और जीते। वे सबसे कम उम्र के सरपंच बने थे। 1957 में पहला विधानसभा चुनाव लड़ा। 1969 में दोबारा जीत हासिल की। 1969-70 तक वे पंचायत राज, पशु पालन, डेयरी आदि मंत्रालयों के मंत्री रहे।
इसके अलावा वे 1970-71, 1977-80, 1997-2002 में पंजाब के मुख्यमंत्री बने। वे 1972, 1980 और 2002 में विरोधी दल के नेता भी बने। मोरारजी देसाई के प्रधानमंत्री रहते वे सांसद भी चुने गए। 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद वे अधिक उम्र के उम्मीदवार भी बने।
कैंसर से पत्नी की मृत्यु के बाद छेड़ी मुहिम
24 मई 2011 को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की पत्नी सुरिंदर कौर बादल का कैंसर से निधन हो गया था। सुरिंदर कौर 72 साल की थीं। सुरिंदर कौर गले के कैंसर से पीड़ित थीं। पत्नी के देहांत के बाद मुख्यमंत्री रहते हुए प्रकाश सिंह बादल ने कैंसर के खिलाफ मुहिम छेड़ दी थी।
घर-घर में कैंसर के मरीजों को डायग्नोस करवाया गया था। यही नहीं, सरकारी अस्पतालों में कैंसर के इलाज में तेजी बादल के कारण ही संभव हुई थी। सीएम रिलीफ फंड भी प्रकाश सिंह बादल ने शुरू करवाया था। जिसमें कैंसर के मरीजों की फाइल पास होने के बाद उन्हें फाइनेंशियल सहायता दी जाती थी।
पीएम मोदी, राष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने जताया शोक
बादल के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। राष्ट्रपति ने ट्वीट करते हुए लिखा ” प्रकाश सिंह बादल आजादी के बाद से सबसे बड़े राजनीतिक दिग्गजों में से एक थे…उनका निधन एक शून्य छोड़ गया है..।” पीएम मोदी ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि प्रकाश सिंह बादल जी के निधन से अत्यंत दु:ख हुआ। वह भारतीय राजनीति की एक महान शख्सियत और एक उल्लेखनीय राजनेता थे, जिन्होंने देश के लिए बहुत योगदान दिया।