ग्वालियर में पूर्व DGP की नातिन की गोली मारकर हत्या, सहेली के प्रेमी ने किया फायर
ग्वालियर। ग्वालियर में पूर्व पुलिस महानिदेश ( DGP) सुरेंद्र सिंह यादव की नातिन की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। छात्रा सहेली के साथ एक्टिवा पर बर्थडे की शॉपिंग कर घर लौट रही थी। सिंधी कॉलोनी के पास मेन रोड पर पीछे से बाइक पर आए हमलावरों ने सामने आकर गाड़ी रोकी और कट्टे से फायर कर दिया। हमलावर छात्रा की सहेली को मारने आए थे, लेकिन गोली छात्रा को लग गई।
हमलावर तीन से चार बताए जा रहे हैं। पुलिस को सुमित रावत और उसके साथियों शक है। परिवार के अनुसार सुमित काफी समय से दोनों छात्राओं को परेशान कर रहा था। पुलिस सुमित की तलाश में दबिश दे रही है।
वारदात सोमवार रात मेस्कॉट हॉस्पिटल के पास तिलक नगर की है। 12 जुलाई को छात्रा का जन्मदिन था। वह पिता से कपड़े खरीदने के लिए रुपए भी लेकर गई थी।
सिकंदर कंपू इलाके में रहने वाले शैलेंद्र सिंह यादव की बेटी अक्षया यादव (19) लक्ष्मीबाई काॅलोनी स्थित कोचिंग जाती थी। सोनाक्षी शर्मा उसके पड़ोस में रहती है। सोमवार शाम दोनों कोचिंग के लिए साथ में निकलीं। बाजार से कपड़े खरीदकर घर लौट रही थीं। एक्टिवा अक्षया चला रही थी। सोनाक्षी पीछे बैठी थी।
मेस्कॉट हॉस्पिटल चौराहा निकलकर तिलक नगर के पास बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने दो फायर कर दिए। एक गोली अक्षया के हाथ और दूसरी सीने पर लगी। स्थानीय लोगों ने ऑटो से दोनों को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने अक्षया को मृत घोषित कर दिया।
चेहरा ढंके हुए थे हमलावर
वारदात की चश्मदीद छात्रा सोनाक्षी ने पुलिस को बताया कि हमलावर चार थे। वे दो बाइक पर थे। गोली मारने वाले कौन थे, नहीं पता। सभी चेहरा ढंके हुए थे। उसने पुलिस को बताया कि हमलावर कुछ देर पहले ही उनके पीछे आए थे। हमलावर सिंधी काॅलोनी तिराहे की ओर भागे।उधर, परिजन ने किसी सुमित रावत पर शक जताया है। SSP राजेश सिंह चंदेल का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।
हत्या में मुंबई के गुंडे बाला सुर्वे का नाम
बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित छात्रा की सहेली का लोहिया बाजार स्थित पुराने घर से पीछा कर रहा था। सहेली आरोपी सुमित से बात नहीं करती थी, लेकिन वह पीछा कर उससे बात करने और रोकने की कोशिश करता था। अक्षया की हत्या में सुमित के एक साथी के रूप में इलाके के गुंडे बाला सुर्वे का नाम भी आया, लेकिन उसकी लोकेशन मुंबई मिली है।