पूर्व CM शिवराज ने पहली बार लगाया जनता दरबार, महिला ने की बुधनी में रेत माफियाओं की मनमानी की शिकायत

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस्तीफा देने बाद पहली बार नए आवास पर गुरुवार को जनता दरबार लगाया। यहां एक महिला बुधनी में रेत माफिया और एसडीएम के दुर्व्यवहार की शिकायत लेकर पहुंची। अन्य महिला ने लाड़ली बहना के पैसे नहीं मिलने की शिकायत की।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह बुधवार को नए आवास बी-8, 74 बंगले पर शिफ्ट हो गए। शिवराज ने कहा था कि वे रोजाना 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बंगले पर रोजाना आम लोगों से मुलाकात करेंगे। गुरुवार को जनता दरबार में पार्टी के कार्यकर्ता, शिकायतकर्ता और स्कूल के बच्चे पहुंचे। पहले दिन जनता दरबार में 300 से ज्यादा लोग पहुंचे।
महिला बाेली- बुधनी में रेत माफिया का आतंक
जनता दरबार में शिवराज के पैतृक ग्राम जैत से महज दो किलोमीटर दूर नारायणपुर से महिला किसान रामेती बाई पहुंची। रामतीबाई ने बताया कि गांव में रेत माफिया की मनमानी चल रही है। रेत माफिया हमारे खेतों में से रेत के डंपर निकालते हैं। इस वजह से खेत तो खराब हो ही रहा है, धूल के कारण आसपास की फसलों को भी नुकसान हो रहा है।
रामेती बाई के साथ आए अभिलेष पटेल ने बताया कि प्रशासन के अफसर रेत माफिया की मदद करते हैं। वे किसानों को धमकी देते हैं कि अगर आपने काम में बाधा डाली, तो अच्छा नहीं होगा। रामेती बाई के अलावा 7 से 8 किसान और भी हैं, जिनके खेतों में से रेत माफिया डंपर निकालते हैं।
रामेतीबाई का कहना है कि खदान पर जाने के लिए अलग से रास्ता है, लेकिन रेत माफिया 10 किलोमीटर बचाने के लिए खेतों को खराब कर कर रहे हैं।
शिकायत करने पर एसडीएम ने किया दुर्व्यवहार
रामेतीबाई ने बताया कि इसकी शिकायत बुधनी एसडीएम राधेश्याम बघेल से भी की। उन्होंने साेमवार को खेत पर आकर देखने की बात कही, लेकिन वह नहीं पहुंचे। अगले दिन जब हम दूसरे दिन एसडीएम ऑफिस पहुंचे। यहां एसडीएम ने दुर्व्यवहार किया। कहा- मैं रेत वगैरह के काम में नहीं जाऊंंगा। यह कहते हुए भगा दिया। किसानों ने पुलिस द्वारा परेशान करने की भी बात कही। एसडीएम द्वारा किए गए दुर्व्यवहार का वीडियो भी उन्होंने बना लिया। यह वीडियो पूर्व सीएम को भी दिखाया।
लाड़ली बहना की राशि नहीं मिलने की शिकायत
भोपाल में बीजेपी कार्यालय के पास रहने वाली पद्मा बाई ने शिवराज से कहा कि फॉर्म भरने के बाद भी लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं मिली। यहां तक कि अधिकारियों ने आधार कार्ड में गड़बड़ी कर मेरी उम्र को 60 वर्ष कर दिया। अधिकारियों को जब इस बारे में बताया, तो उन्होंने संज्ञान नहीं लिया। इस पर शिवराज ने कहा कि समस्या का जल्द निराकरण किया जाएगा। अधिकारियों को सूचित कर दिया है।
बच्चों को बताया सफलता का सूत्र
जनता दरबार में शिवराज ने पहले बच्चों से मुलाकात कर आशीर्वाद भी दिया। पूर्व सीएम ने बच्चों को सफलता का सूत्र भी बताया। कहा कि आप सभी को कड़ी मेहनत करना होगी। क्योंकि जो मेहनत करता है, वो लक्ष्य को प्राप्त कर ही लेता है, इसलिए जिंदगी में सफलता की सबसे पहली चीज है हम टारगेट तय करे और उस मेहनत करके उसे पाएं।