Sunday, June 8, 2025
MPPolitics

दिग्विजय ने स्वीकार की पार्टी में खामी, बोले- हमारा संगठन कमजोर 

सीहोर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने स्वीकार किया है कि कांग्रेस पार्टी में कई खामियां हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन कमजोर है। पोलिंग के दिन भी वे इलेक्शन मैनेजमेंट नहीं कर पाती। दिग्विजय सिंह बुधवार को सीहोर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब दिए।

उन्होंने कहा- ‘मध्यप्रदेश में 2018 में हुए चुनाव में कांग्रेस की सरकार बन गई थी, लेकिन कुछ लोग बिक गए। जो गरीब विधायक थे, वे नहीं बिके, लेकिन जो राजा महाराजा टाइप के लोग थे, वे बिक गए। जिसके कारण सरकार चली गई। इस बार फिर से जनता परिवर्तन चाहती है। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

पढ़िए, क्या बोले दिग्विजय सिंह

‘हमें यह स्वीकार करने में कहीं भी ऐतराज नहीं है कि हमारी कांग्रेस पार्टी का संगठन जैसा होना चाहिए, वैसा नहीं है। हमारा जो इलेक्शन मैनेजमेंट है, पोलिंग के दिन उसमें भी भारी कमी रहती है। उस प्रकार की तैयारी हमारी नहीं रहती है, जैसी होना चाहिए। जनता हमें वोट देना चाहती है, लेकिन हमारे संगठन की कमी की वजह से पूरा नहीं कर पाते, इसलिए कमलनाथ जी ने प्रदेश की विधानसभा सीटों को सही तरीके से सेक्टर-मंडल में बांटा है। विधानसभा क्षेत्र की हारी हुईं सीटों पर प्रदेश भर में दौरा कर रिपोर्ट तैयार कर कमलनाथ को सौंपी जाएगी।’ 

हारने वाली सीटों का दौरा कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री

दिग्विजय सिंह ने बताया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को लगातार पराजय मिल रही है, उन विधानसभा क्षेत्रों में जाकर वह स्वयं कार्यकर्ताओं की बात सुन रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता एकजुट है। जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि मतदान के दिन कांग्रेस इतनी मेहनत नहीं कर पाती है। जितनी करनी चाहिए लेकिन इस बार पूरी मेहनत की जाएगी।

एमपी में पुलिस पर हो रहे हमले चिंताजनक

दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा के शासन में पुलिस और अधिकारियों के ऊपर लगातार हमले हो रहे हैं, जो चिंताजनक है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में भाजपा की सरकार फंसा रही है। ऐसे कार्यकर्ताओं के मुकदमे लड़ने के लिए कांग्रेस वकील उपलब्ध कराएगी।

लहार में अतिक्रमण हटाने गए अधिकारियों पर हमला 

दिग्विजय सिंह ने कहा कि लहार में अतिक्रमण हटाने गए अधिकारियों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला किया। उन पर पुलिस कार्रवाई करे अन्यथा मध्यप्रदेश में कांग्रेस आंदोलन करेगी। दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के बयान पर भाजपा झूठा प्रचार कर रही है कि कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग का अपमान किया है, जबकि पैसा लेकर भागने वालों में कोई भी पिछड़ा वर्ग का व्यक्ति नहीं है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले लोग भाजपा से जुड़े हुए ही सामने आए हैं। लेकिन उन लोगों पर राष्ट्रद्रोह की कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *