Saturday, June 7, 2025
MP

भोपाल में पहली बार पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा, करोंद में 14 जून तक रोजाना दोपहर 2 से 5 बजे तक चलेगी

भोपाल। कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का शनिवार को पहला दिन था। भोपाल में पहली बार पंडित मिश्रा कथा कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद लाखों श्रद्धालु कथा में पहुंचे। करोंद के 55 एकड़ ग्राउंड में खचाखच भरा था। कोई जगह ऐसी नहीं थी, जहां श्रद्धालु नहीं बैठे या खड़े थे। यहां पांच पंडाल बनाए गए हैं, सभी पंडाल में लोग बैठे हुए थे।

कथा के दौरान पंडित मिश्रा ने दिल्ली के साक्षी हत्याकांड का जिक्र किया। कहा कि अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें। फिर साक्षी के साथ जो हुआ, वह किसी बच्चे के साथ नहीं होगा। कथा 14 जून तक प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक चलेगी।

शनिवार को भोपाल में तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बावजूद कथा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 11 बजे से ही श्रद्धालु पंडाल में पहुंच गए। दोपहर ढाई बजे के बाद कथा शुरू हुई। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने परिवार समेत पूजा-अर्चना की। पंडित मिश्रा ने कथा में कई प्रसंग सुनाएं। इस दौरान जयकारे भी खूब गूंजे।

पं. मिश्रा ने कहा कि राजा भोज की नगरी भोपाल पर शिव की महान अनुकंपा है, जो यहां महामृत्युंजय शिव पुराण कथा आयोजित हो रही है।  भोपाल शिवमय हो गया है। उन्होंने कहा कि भगवान शंकर की करुणा और कृपा संपूर्ण विश्व में व्याप्त है। उनकी कृपा दृष्टि से ही यह जगत संचालित है। जब तक शिव की कृपा नहीं होती, जीवन में हम एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा सकते।

शिवपुराण में 24 हजार श्लोक हैं। उनमें से एक श्लोक ही नहीं, बल्कि एक शब्द मात्र को भी जीवन में धारण करने से इस मानव देह के लिए सिद्ध हो जाता है। उन्होंने कहा कि हमें मनुष्य का शरीर तो मिल गया, लेकिन हमने इसके महत्व को नहीं समझा, तो सब बेकार है। मानव देह का महत्व भगवान की भक्ति में है। उन्होंने बताया कि शिव अत्यंत दयालु महादेव हैं। शिवमहापुराण में देवराज ब्राम्हण का दृष्टांत देते हुए उन्होंने विश्वास दिलाया कि ह्दय से किया गया मंत्रजाप हमारे जीवन को सफल बना देता है।

for-the-first-time-in-bhopal-pt-pradeep-mishras-shiv-mahapuran-katha-will-run-daily, pandit pradip mishra, shiv mahapuran, bhopal news, vishwas sarang,
कथा में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ आई थी।

करोंद में पीपुल्स मॉल के पीछे बड़े एरिया में पांच से छह टेंट बनाए गए हैं। 6 मुख्य समेत 10 गेट है। वहीं, 200 एकड़ में 13 पार्किंग बनाई गई है। पं. मिश्रा की व्यासपीठ के लिए अलग व्यवस्था की गई है। करीब 72 वर्ग फीट लंबा मंच बना है। इसकी ऊंचाई करीब 10 फीट है।

एक दिन पहले निकली शोभायात्रा

कथा से पहले शुक्रवार को शोभायात्रा भी निकाली गई। इसमें पं. प्रदीप मिश्रा भी शामिल हुए। शोभायात्रा घंटों तक घूमती रही। श्रद्धालुओं ने पं. मिश्रा का पुष्पवर्षा का स्वागत किया।

श्रद्धालुओं के लिए ये हैं सुविधाएं

  • चारों ओर एक हजार नल: तेज गर्मी के चलते पानी की भरपूर व्यवस्था है। पंडाल के चारों ओर पाइप लाइन बिछाई गई है। पाइप लाइन में एक हजार नल कनेक्शन जोड़े गए हैं।
  • 700 स्थाई टॉयलेट: 50 एकड़ के ग्राउंड में 700 स्थायी टॉयलेट बनाए गए हैं। वहीं, 300 अस्थाई टॉयलेट रहेंगे। इनकी नियमित रूप से सफाई होगी। टॉयलेट में नल कनेक्शन हैं, तो बाहर टंकियां भी भरी रहेंगी।
  • 300 से ज्यादा पंखे-कूलर: गर्मी को देखते हुए पंखे-कूलर की व्यवस्था है। 300 से ज्यादा पंखे-कूलर लगाए गए हैं। बिजली कनेक्शन के लिए अंडरग्राउंड लाइन बिछाई गई है। वाटर स्प्रिंकलर लगाए जा रहे हैं।
  • बड़ी टीवी स्क्रीन भी लगाई: डोम और टेंट में 100 से ज्यादा बड़ी टीवी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि आखिरी छोर तक बैठे श्रद्धालुओं को कथा सुनने-देखने में आसानी हो। पंडाल से एक-डेढ़ किमी दूर मुख्य सड़क पर भी लोग कथा सुन सकेंगे।
  • बस सुविधा भी रहेगी: भोपाल के नरेला क्षेत्र में करीब 100 बसों से श्रद्धालुओं को कथास्थल तक लाया जाएगा। कथास्थल के एंट्री गेट से पंडाल तक बस या अन्य वाहनों की सुविधा रहेगी।
  • हर गेट पर हेल्प डेस्क: श्रद्धालुओं के लिए बने 6 गेट पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी। यहां वॉलेंटियर्स तैनात होंगे, जो श्रद्धालुओं को पंडाल तक पहुंचने में मदद करेंगे। कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।
  • तीन एम्बुलेंस भी रहेंगी: मौके पर तीन एम्बुलेंस मौजूद रहेंगी। इसमें एक बुलेट एम्बुलेंस भी शामिल हैं, ताकि वह मैदान के हर कोने तक पहुंच सके।
  • 50 हजार श्रद्धालुओं के लिए बनेगा भोजन: बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी भी बनाई जाएगी। रोजाना 50 हजार लोगों के लिए भोजन बनाया जाएगा। इसे बनाने में 100 से ज्यादा कर्मचारी जुटेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *