राजनगर से कांग्रेस MLA नाती राजा समेत 12 लोगों पर FIR, वोटिंग के दिन बीजेपी प्रत्याशी पर हमले का आरोप
छतरपुर। छतरपुर जिले के राजनगर विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा समेत 12 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। भाजयुमो जिला अध्यक्ष धीरज चतुर्वेदी ने शिकायत की थी। सोमवार को पुलिस ने केस दर्ज किया। शिकायत के मुताबिक वोटिंग वाले दिन नाती राजा और समर्थकों ने उन पर जानलेवा हमला किया था।
बता दें कि 17 नवंबर को कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा, उनके समर्थकों और भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया, उनके समर्थकों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा की गाड़ी चला रहे पार्षद की गाड़ियों से कुचलने से मौत हो गई थी। घटना वाले दिन कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया समेत 21 लोगों पर हत्या का केस दर्ज कराया था।
सोमवार दोपहर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा छतरपुर कलेक्टर संदीप जीआर और एसपी अमित सांघी को ज्ञापन दिया। आरोप है कि राजनीतिक लाभ लेने के लिए नाती राजा ने अपने ही ड्राइवर की बलि दी है।
एसपी अमित सांघी ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी समेत अन्य पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। दोनों ही मामलों में निष्पक्ष जांच करवाई जा रही है।
वीडी बोले- चुनाव प्रभावित करने भाजपाइयों पर आरोप लगाया

वीडी शर्मा ने कहा कि 17 नवंबर की सुबह 3-4 बजे की घटना की जानकारी पुलिस को सुबह 6 बजे दी गई। पुलिसवालों से कहा- पार्षद सलमान की हत्या हो गई है। राजनीतिक लाभ के लिए नाती राजा ने एक मुस्लिम भाई की हत्या कर दी। आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने हत्या की, जिससे चुनाव को प्रभावित किया जा सके।
हमने पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने कहा कि मामले में दूध का दूध, पानी का पानी होना चाहिए। पार्षद सलमान की मौत कैसे हुई है। प्रशासन ने कार्रवाई क्यों नहीं की?
दिग्विजय ने वातावरण खराब किया
वीडी ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने यहां आकर वातावरण खराब किया है। दिग्विजय सिंह और कांग्रेस विधायक ने आचार संहिता तोड़ा है। प्रशासन ने कार्रवाई क्यों नहीं की, गिरफ्तारी क्यों नहीं की, एफआईआर क्यों नहीं हुई? इस बायस्ड कार्रवाई के खिलाफ डीजीपी को भी कहा है। इलेक्शन कमीशन से भी शिकायत की है।
वीडी ने कहा कि कलेक्टर से शिकायती आवेदन में कहा है कि मामले में बायस्ड कार्रवाई की गई। गाड़ी से कुचलने के मामले में 302 के तहत मामला दर्ज किया गया। क्या ऐसा होता है? चुनाव प्रभावित करने का षड्यंत्र नाती राजा ने रचा और अपने ही ड्राइवर की बलि दे दी। बाद में नाटक के आंसू टपका दिए। दुर्भाग्यजनक है कि दिग्विजय सिंह सेल्फी खिंचा रहे थे और हंस रहे थे।