Sunday, June 8, 2025
MP

कार की टक्कर से पूरा परिवार खत्म:बाइक सवार पति-पत्नी, 6 साल के बेटे की मौत; अस्पताल से लौट रहे थे

बड़वानी। बड़वानी में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार पति, पत्नी और उनके बेटे की मौके पर मौत हो गई। उनके अंतिम संस्कार में पूरा गांव उमड़ पड़ा। एक साथ तीन अर्थी निकली।आदिवासी परंपरा के अनुसार, मुखाग्नि से पहले लाइसेंसी बंदूक से फायर किए गए। साथ ही कमान से तीर भी छोड़े। इसके बाद मुखाग्नि दी गई।

पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे हुआ। कन्नड़गांव निवासी सुदाम (28) पिता तेजासिंह पत्नी मनीषा (23) और बेटे भरत (6) के साथ बाइक से निवाली से घर लौट रहा था। इसी दौरान सेंधवा-खेतिया स्टेट हाईवे पर मोगरी खेड़ा के पास हादसा हो गया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। तीनों के शव निजी वाहन और एंबुलेंस की मदद से सेंधवा सिविल अस्पताल पहुंचाए गए। ग्रामीण थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

डॉक्टर को दिखाने अस्पताल गया था परिवार

मृतकों के परिजन ने बताया कि सुदाम अपनी पत्नी मनीषा और बेटे भरत के साथ शुक्रवार शाम करीब 5 बजे निवाली अस्पताल गया था। पत्नी और बच्चे को बुखार होने के चलते डॉक्टर को दिखाया और निवाली से करीब 8 बजे घर के लिए निकला था। घटनास्थल से महज 500 मीटर दूर ही कन्नड़गांव जाने के लिए फाटा है, इससे पहले ही कार के चपेट में आ गए।

पूर्व सरपंच के बेटे, बहू और नाती हैं मृतक

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सुदाम ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद उसने मनीषा से दूसरी शादी की। सुदाम खेती करता था। उसके पिता कन्नड़गांव के पूर्व सरपंच रह चुके हैं, उनकी कोरोना काल में मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *