जबलपुर में गोदाम में धमाका, आग का गुबार, 5 किमी तक सुनाई दी गूंज; एक का शव व बम के खोखे मिला

जबलपुर। जबलपुर में कबाड़ गोदाम में तेज धमाका हुआ। इसकी गूंज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना बुधवार दोपहर करीब 1 2 बजे जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर खजरी-खिरिया बायपास की है। धमाका इतना तेज था कि आसपास में मौजूद घरों की दीवारों में दरारें आ गईं। मलबे से एक शव मिला है। वहां बम के खोखे भी मिले हैं।
लोगों का कहना है कि ऐसा लगा कि जैसे भूकंप आया हो। घरों से बाहर निकले, तो गोदाम से आग का गुबार उठ रहा था। एएसपी सोनाली दुबे और आधारताल थाने से बल मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को भी बुलाया गया।
एएसपी के मुताबिक, घटनास्थल पर आग फैली है। फायर ब्रिगेड की टीम कूलिंग का काम कर रही है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। कबाड़खाने का मालिक शमीम फरार है।
कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना, नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव भी मौके पर पहुंचीं। कलेक्टर ने बताया कि विस्फाेट के कारण गोदाम की छत उड़ गई है। आसपास के घरों की दीवारें दरक गईं। कुछ लोगों की मौत की सूचना मिल रही है, संख्या कितनी है? अभी यह कहना मुश्किल है।

हिस्ट्रीशीटर का है गोदाम
बताया जा रहा है कि यह गोदाम शमीम कबाड़ी का है। वह हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। कुछ महीने पहले पुलिस ने उसके बायपास स्थित अवैध रूप से बने आलीशान मकान को तोड़ा था। संदेह जताया जा रहा है कि आयुध निर्माणी खमरिया से लाए गोला बारूद या फिर लोहा काटने वाले गैस सिलेंडर में लगी आग के कारण हादसा हुआ होगा। जांच के लिए एफएसएल और बीडीएस की टीम भी बुलाई जा रही है।
स्क्रैप मटेरियल से ब्लास्ट की आशंका
कबाड़खाना 5 हजार वर्गफीट एरिया में है। जमीन की जांच के लिए आधारताल तहसीलदार और पटवारी को कहा गया है। शमीम कबाड़ी और उसके गुर्ग इस कबाड़खाने को लंबे समय से संचालित कर रहे थे। मौके पर केंद्रीय सुरक्षा संस्थान ओएफके में बनने वाले बम के खोखे भी मिले हैं। पूछताछ के दौरान कबाड़खाने में काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि बम के स्क्रैप नीलामी में आयुध निर्माणी फैक्ट्री से खरीदे गए थे। मौके पर 200 से अधिक बम के खोखे मिले हैं।

स्थानीय लोग बोले- सिलेंडर फटा
खजरी-खिरिया बायपास में रहने वाले मनीष कुमार ने बताया कि धमाका सुनकर लगा कि मानो भूकंप आ गया हो। जान बचाकर हम सभी घर के बाहर निकले। सामने देखा तो कबाड़खाने में आग लगी थी। ब्लास्ट गैस सिलेंडर में आग लगने से समझ में आ रहा है। मनीष ने बताया कि धमाके की गूंज शहर के पनागर, आधारताल, गोहलपुर, महाराजपुर और कंचनपुर तक सुनाई दी है।