इंदौर में फार्मा कंपनी के MD पर दहेज प्रताड़ना का केस: पहली पत्नी ने 20 लाख नहीं दिए, तो कर ली दूसरी शादी
इंदौर। इंदौर में एक महिला ने फार्मेसी कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि उसके पति ने धोखे में रखकर दूसरी शादी की है। सास-ससुर पर भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने धमकाने, धोखे में रखकर दूसरी शादी करने और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया है।
हीरा नगर पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता भोपाल निवासी मंजू लड़इया है। उसने बताया कि सात साल पहले उसकी शादी योगेश से हुई थी। 2016 में दोनों को हांगकांग जाना था, इसलिए उन्होंने कोर्ट मैरिज की थी। एक साल बाद 2017 में धार्मिक रीति-रिवाज से शादी की।
मंजू का आरोप है कि 2017 में पति एमआर थे। वे अकसर टूर पर रहते थे। इसके चलते सास धनवंतरि से कई बार कहासुनी होती थी। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया। पहली पत्नी ने आरोप लगाया कि कई बार सास ने उसे पीट भी दिया।
बिजनेस शुरू करने के नाम पर मांगे 20 लाख
मंजू ने पुलिस को बताया कि पति योगेश ने पहले तो मेरा साथ दिया, लेकिन बाद में वे भी सास के साथ मिलकर मारपीट करने लगे। योगेश ने मुझे अपने माता-पिता से 20 लाख रुपए लाने के लिए कहा। वे बिजनेस स्टार्ट करने के नाम पर पैसा मांग रहे थे। दुखी होकर 28 जुलाई को मंजू भोपाल स्थित मायके चली गई। तीन महीने बाद अक्टूबर में ससुराल लौटी, तो सास-ससुर ने साथ में रखने से इंकार कर दिया।
पति घर नहीं आते, सास-ससुर ने कहा दूसरी शादी कर ली
मंजू ने पुलिस को बताया कि जब वह इंदौर लौटी तो पति कई बार घर नहीं आते थे। इसके चलते उसे शंका हुई। इस बीच, पता चला कि 19 सितंबर को पति योगेश ने दूसरी शादी कर ली। यह शादी संचार नगर स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई थी। योगेश ने यहां दिव्या शर्मा नाम की लड़की से शादी की थी।
सास-ससुर से इस बारे में पूछने पर उन्होंने इसे सही बताया। कहा- इसीलिए वे मंजू को अब साथ नहीं रखना चाहते। यह पता चलते ही मंजू ने अपने माता-पिता और भाई को 18 नवंबर शनिवार को इंदौर बुलाया। सभी ने पति योगेश और सास-ससुर से बातचीत की, लेकिन उन्होंने मंजू के माता-पिता को घर से भगा दिया। इसके बाद मंजू ने हीरा नगर थाने पहुंचकर योगेश और उसके सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज करा दिया।