जबलपुर में डॉग ने किया हिरण पर अटैक, गेट में फंसकर मौत; पानी की तलाश में भटक कर आया था

जबलपुर। जबलपुर में डॉग ने हिरण पर अटैक कर दिया। इससे पहले, केंद्रीय सुरक्षा संस्थान के (COD) सेंट्रल ऑर्डनेंस डिपो के गेट में फंस गया था। वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि पानी की तलाश में भटक कर हिरण जंगल से शहर की तरफ आ गया था। गेट में फंसे होने के कारण आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया।
सेंट्रल ऑर्डनेंस डिपो का इलाका जंगल से घिरा है। यहां बड़ी संख्या में जगली जानवर भी रहते हैं। यहां से पानी की तलाश में जंगली जानवर शहर की तरफ आ जाते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब चार से पांच हिरण आते दिखे। वहां घूम रहे कुत्तों के झुंड ने हिरण को खदेड़ दिया। हिरण यहां-वहां भागने लगे। इसी दौरान एक हिरण लोहे के गेट में फंस गया। कुत्तों ने हिरण पर हमला बोल दिया।
लोगों ने उसे देखा, तो वन विभाग को सूचना दी। लोगों के मुताबिक गर्मियों में अक्सर हिरणों का झुंड यहां देखा जाता है। हिरण के पिछले हिस्से में कई घाव थे। उसकी पूंछ भी कटी थी। वन विभाग की टीम ने गेट को काटकर हिरण का शव निकाला। बताया जा रहा है कि यह गेट कई साल से बंद है। इसका उपयोग नहीं होता है।