Sunday, July 27, 2025
MPPolitics

दिग्विजय सिंह बोले- भाजपा में 7 नेताओं ने CM बनने सूट सिलवाए, लेकिन मुख्यमंत्री तो कमलनाथ ही बनेंगे

सागर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा के संभावित CM उम्मीदवारों पर बयान दिया है। इसके बाद सियासत गरमा गई है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा में 7 लोग CM बनने के लिए सूट सिलवाए हुए हैं।

भूपेंद्र सिंह, भार्गव जी (गोपाल भार्गव), नरोत्तम मिश्रा, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय और वीडी शर्मा तैयारी में हैं कि कब मौका मिल जाए। लेकिन, मौका नहीं मिलेगा। शपथ ग्रहण होगा तो नवंबर-दिसंबर में कमलनाथ जी मुख्यमंत्री होंगे।

बता दें कि मध्यप्रदेश की सत्ता में कांग्रेस की वापसी करवाने के लिए दिग्विजय सिंह पिछले चुनाव में हारी हुई सीटों पर दौरे कर रहे हैं। इसी के तहत बुधवार को वह सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे।

इस बयान पर BJP के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि मिस्टर बंटाधार फिर झूठ बोलकर मध्यप्रदेश को दुरावस्था में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह खुद कह चुके हैं कि मैं जनता के बीच जाता हूं, तो कांग्रेस के वोट कट जाते हैं।

कांग्रेस के लोग BJP में जाकर बिगड़ गए…

सुरखी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा- मध्यप्रदेश में जब-जब भाजपा सरकार में आती है, तो वह व्यवसाय ज्यादा करती है। जनसेवा कम करती है। स्वयंसेवा ज्यादा करती है। कांग्रेस से जो लोग अच्छे-खासे जाते हैं, वे भी बिगड़ जाते हैं। यहां के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत न जाने कितना लेकर भाजपा में गए। वे भी यहां व्यवसाय कर रहे हैं। जनसेवा नहीं कर रहे। वे कहते भी हैं कि हमको न भाजपा से मतलब है, न कांग्रेस से…। उन्हें जिससे मतलब है, आप सब जानते हैं। कोई भी काम हो, ठेका हो, उनकी कंपनी करेगी। मूल्यांकन, क्वालिटी कंट्रोल हो नहीं सकता। यहां के सरपंच दुखी हैं, क्योंकि उन्हें कोई काम नहीं मिलता। जिसको वे चाहते हैं, उसके पास डायरेक्ट पैसा पहुंचता है। बता दें, गोविंद सिंह राजपूत 2020 में सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हो गए थे।

किसानों को विधायक जी का टैक्स अलग से देना पड़ रहा…

दिग्विजय ने कहा- अभी गेहूं की तुलाई का मौसम है। कलेक्टर से चर्चा हुई। यहां पर जो केंद्र हैं, वहां तीन-चार दिनों से ट्रैक्टर खड़े हैं। बारदाना नहीं हैं। मंडी खुले पांच साल हो गए, अव्यवस्था के कारण व्यापारी टिकना नहीं चाहता। सरकार का टैक्स तो ठीक, विधायक जी का टैक्स अलग से देना पड़ता है।

मेरे पास शिकायत आई है कि हर बोरी पर 15 रुपए अलग से लिए जाते हैं। यानी 2125 का रेट है, तो उसकी तुलाई पहले 15 रुपए क्विंटल देते हैं। यह पैसा क्यों लिया जा रहा है। इसमें किस-किस का हिस्सा है। सहकारिता के मैनेजर और अधिकारी, भाजपा नेता, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री बताएं। शिवराज सिंह कहते हैं कि हम किसान पुत्र हैं। किसानों को लूटा जा रहा है यहां। इसका हिसाब नहीं है।

जिन्होंने साइकिल चलाकर प्रचार किया, वही BJP से दुखी…

दिग्विजय ने कहा- जो भी सही बात जनता के सामने लाए, उसके ऊपर SC/ST एक्ट लग जाता है। झूठे केस दर्ज हो जाते हैं। अब तो सुरखी क्षेत्र में भाजपा के लोग भी दुखी होकर परेशान हैं। आज सुबह कई लोग मिले। जनसंघ के जमाने से जिन लोगों ने चने खाकर साइकिल से जनसंघ का प्रचार किया, वे आज दुखी हैं कि उन्होंने जिन आदर्शों के लिए भाजपा का पल्ला पकड़ा था, वे सारे आदर्श चले गए। अब सिर्फ एक आदर्श बचा है वसूली। कोई भी विभाग हो वसूली होनी चाहिए। अब वसूली चाहे थाने की हो, पीडब्ल्यूडी की हो, पंचायत की हो या गेहूं खरीदी की हो। यहां के अधिकारियों का मूल्यांकन जनसेवा नहीं, धनसेवा हो गया है। जो ज्यादा से ज्यादा धन इकट्‌ठा करके विधायक जी, मंत्री जी को देंगे, वही अच्छा अधिकारी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *