Sunday, June 8, 2025
MPPolitics

दिग्विजय सिंह बोले- दीपक हमारे साथ, ये हमारे लिए सौभाग्य है; कैलोश जोशी को बताया आदर्श राजनेता 

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि दीपक जोशी हमारे साथ हैं, ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है। सोमवार रात करीब 9 बजे सिविल लाइन स्थित पूर्व मंत्री दीपक जोशी के घर पहुंचे। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत की। कहा कि राजनीति में होकर जिसे संत की उपाधि मिली हो, ऐसा तुम्हारे पास दूसरा उदाहरण हो तो बताओ। कैलाश जोशी राजनेता थे ,लेकिन ऐसे राजनेता थे, जो एक आदर्श थे। जिनका आचरण, जिनकी ईमानदारी, जिनकी निष्ठा, सक्रियता का मुकाबला नहीं।

दीपक जोशी का कांग्रेस में आना उन सारे लोगों के लिए संकेत है, जिन्होंने इनके परिवार में साइकिल पर चलकर चने खाकर जन संघ को स्थापित किया। वह पीढ़ी, वह परिवार और वह लोग आज भाजपा में दुखी है क्योंकि भाजपा में दलालों, बेईमानों व भ्रष्टाचारियों का कब्जा हो गया है। यह तुम्हें हर जगह देखने को मिलेगा।

जनसंघ बनाने वालों के बच्चे भूखे मर रहे

दिग्विजय सिंह ने कहा कि गांव-गांव के ऐसे परिवार के लोग जिन्होंने पेट काटकर जनसंघ को बनाया, आज उनके बच्चे भूखे मर रहे हैं, बेरोजगार हैं। जिनके पास कुछ नहीं था, वे महंगी गाड़ियों में घूम रहे हैं। यह भाजपा है। कांग्रेस की सरकार प्रदेश में निश्चित ही बन रही है और उसमें जो थोड़ी बहुत कमी थी, वह दीपक जोशी ने पूरी कर दी है। हम पूरे विश्वास और जोश के साथ चुनाव लड़ेंगे और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

आधे घंटे तक की चर्चा

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दीपक जोशी के निवास पर आधे घंटे तक रहे। इस दौरान उन्होंने दीपक से अलग अलग विषयों पर बातचीत की। उसके बाद वे मीडिया से चर्चा के बाद वहां से सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए।

मंगलवार को देवास दौरे पर हैं दिग्विजय सिंह

बता दें कि दिग्विजय सिंह इन दिनों कांग्रेस की हारी हुई सीटों का सघन दौरा कर रहे हैं। देवास जिले की बागली और खातेगांव सीट भी दिग्विजय की सूची में शामिल है। दोनों सीटों पर दीपक जोशी का अच्छा खासा प्रभाव है। दीपक जोशी 2 बार हाटपिपल्या से विधायक रहे चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *