Friday, September 12, 2025
MPPolitics

दिग्विजय बोले- डिसिप्लिन आ जाए, तो कांग्रेस चुनाव नहीं हार सकती; पार्टी कार्यकर्ताओं पर क्यों बरसे?

इंदौर। पूर्व मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं पर जमकर बरस पड़े। उन्होंने यहां तक कह दिया कि डिसिप्लिन आ जाए, तो कांग्रेस कभी चुनाव नहीं हार सकती। दिग्विजय सिंह मंगलवार को इंदौर पहुंचे। यहां वे 2, 4 और 5 नंबर विधानसभा पर कब्जा जमाने के लिए रणनीति बनाने आए हैं। असल में तीनों सीटों पर कांग्रेस लगातार हार रही है। दिग्विजय दो दिन में जिताऊ कैंडिडेट की तलाश करेंगे। 

आखिर इसलिए बोले दिग्विजय –

दिग्विजय सिंह इंदौर में दो दिन कांग्रेस के मंडलम कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं। मंडलम कार्यक्रम में शामिल हाेने से पहले उन्होंने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मीडिया हॉल में घुसने से मना कर दिया था। बावजूद कार्यकर्ता मीडिया हॉल में घुस आए। इस पर दिग्विजय सिंह नाराज हो गए। उन्होंने कॉन्फ्रेंस के दौरान खुद उठकर कार्यकर्ताओं को निकाला। इसके बाद सिंह ने नेताओं से कहा कि कांग्रेस में डिसिप्लिन आ जाए तो कांग्रेस चुनाव नहीं हार सकती है।

सिंह ने बालासोर ट्रेन हादसे को लेकर भी केन्द्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। वंदे भारत ट्रेन के लिए कहा कि गाय भी अगर सामने आ जाए, तो इंजन खराब हो जाए। बीजेपी द्वारा बुलेट ट्रेन पर खर्च किया जा रहा है। वहीं, देश में आज की परिस्थिति में गरीब और गरीब होता जा रहा है और अमीर, अमीर होता जा रहा है।

इंदौर में कांग्रेस की हालत और दावेदारी पर एक नजर

इंदौर में कांग्रेस की हालत ये है कि चार महीने से शहर अध्यक्ष पद रिक्त है। यहां पार्टी नेतृत्वविहीन है। ऐसे में पुरानी कार्यकारिणी के साथ ही चुनाव संबंधी तैयारियों पर चर्चा करेंगे। साथ ही, विधानसभा चुनाव के पहले तीनों सीट पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। बातचीत के बाद दिग्विजय रिपोर्ट तैयार करेंगे। कांग्रेस में दो नंबर में जहां नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे दावेदारी जता रहे हैं, वहीं 4 नंबर में कांग्रेस के पास बड़ा नाम नहीं है। 5 नंबर में जरूर पूर्व विधायक और पिछली बार के हारे हुए प्रत्याशी सत्यनारायण पटेल और स्वप्निल कोठारी पूरी ताकत के साथ दावेदारी जता रहे हैं।

ध्यान रहे कि दो नंबर भाजपा का गढ़ है। यह रमेश मेंदोला की सीट है। पहले यहां से कैलाश विजयवर्गीय लड़ते आए हैं। चार नंबर सीट पूर्व मंत्री लक्ष्मणसिंह गौड़ का गढ़ है, यहां से उनकी पत्नी मालिनी गौड़ विधायक हैं। इसके अलावा, एक अन्य सीट पर महेंद्र हार्डिया विधायक हैं, जो पिछली बार बड़ी मुश्किल से चुनाव जीते थे। तीनों ही सीटों पर भाजपा का कब्जा है।

बुधवार को 5 घंटे 5 नंबर विधानसभा पर मंथन

विधानसभा क्रमांक 5 के मण्डलम, सेक्टर कार्यकर्ताओं की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे से लाभ मण्डपम रेसकोर्स रोड पर होगी। इसके बाद 12 बजे से समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नगर पालिका, जनपद, जिला पंचायत के चुने गए सदस्य, सेवा दल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, आईटी सेल, एनएसयूआई सहित सभी प्रकोष्ठ के सदस्य सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दिग्विजय सिंह बैठक लेंगे। इसी दिन शाम 4 बजे प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में दिग्विजय प्रेस क्लब में हिस्सा लेंगे। 

2 नंबर सीट 30 साल से भाजपा के पास 

बता दें कि 2 नंबर विधानसभा सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने 1993 में जीत हासिल की थी। तब से यानी 30 साल से ये सीट बीजेपी के पास है। तीन बार विजयवर्गीय विधायक रहे। इसके बाद उनके खास रमेश मेंदोला को यहां से साल 2008 में टिकट दिया गया। तब से वे लगातार जीत दर्ज कर चुके हैं। वे भी तीन बार के विधायक हैं।

वहीं, 4 नंबर सीट 1990 से बीजेपी के पास है। इसी तरह, 5 नंबर विधानसभा सीट बीजेपी 2003 से जीत रही है। इससे पहले, यहां कांग्रेस के विधायक रहे हैं। हालांकि 3 नंबर विधानसभा सीट भी बीजेपी के पास है, लेकिन कांग्रेस इसे भाजपा के गढ़ के रूप में नहीं देख रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *