बीना में ओल्ड पेंशन के लिए चार दिन से प्रदर्शन, कर्मचारी बोले – पीछे नहीं हटेंगे

बीना। देशभर में 8 से 11 जनवरी तक केन्द्र कर्मचारियों की क्रमिक भूख हड़ताल जारी है। ओल्ड पेंशन योजना बहाली JFROPS संयुक्त मंच के आव्हान पर हड़ताल के आखिरी दिन गुरुवार को कर्मचारियों ने धरना किया। बीना रेलवे स्टेशन पर भी प्रदर्शन किया गया। मंच के संयोजक संतोष सैनी ने कहा कि हम मैदान छोड़कर भागने वालों में नहीं। जो लोग खुद चार-चार पेंशन ले रहे हैं , वो कर्मचारियों को एक पेंशन नहीं देना चाहते। यही वजह है कि मंच ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
यूथ मंडल सचिव रवि राय ने कहा कि जब भी सरकारी कर्मचारी पुरानी पेंशन की बात करते हैं, सरकार खाली खजाना दिखाती है।
राय ने कहा कि इतिहास बनाने के लिए कमर कस कर मैदान में उतरना होगा। हम अपना हक मांग रहे हैं। इसी तरह संतोष हरदेनिया ने कहा कि इस मुद्दे पर देश भर से अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। वह चाहे राज्य कर्मचारी हों, शिक्षक हों या फिर केंद्रीय कर्मचारी हो, सभी का कहना है कि वो सब NPS के खिलाफ हैं।
जार्ज सैमुअल ने कहा कि जब 2004 में तत्कालीन सरकार पुरानी पेंशन खत्म कर नई पेंशन स्कीम ला रही थी, उस समय भी विरोध किया गया, तब सरकार ने इसके लाभकारी बताया था, लेकिन ऐसा नहीं था। जो कर्मचारी NPS के अंतर्गत सेवानिवृत्त हो रहा है, उसे पेंशन के नाम पर नाम मात्र पैसे मिल रहे हैं। आनंद दुबे ने कहा कि आंदोलन में पूरी शिद्दत के साथ हिस्सा ले रहा है। ऐसे में हम लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी।
इस अवसर पर रवि प्रजापति, राजेश वर्मा, मंजीत, आदेश रजक, शशि भूषण, संदीप, सतीश रजक, हेमंत सेन व कई विभागों के कर्मचारी शामिल हुए।