Sunday, June 8, 2025
MP

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में डीन ने लगाई डॉक्टरों की एब्सेंट, हंगामे हुआ तो लिया यूटर्न 

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में बुधवार को डीन के निरीक्षण के बाद हंगामा हो गया। डीन ने ड्यूटी से गायब मिले डॉक्टरों की एब्सेंट लगा दी। इससे नाराज डॉक्टर विरोध में उतर आए। डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी। आखिर डीन ने दोबारा रजिस्टर में डॉक्टरों की प्रेजेंट लगा दी।

बुधवार सुबह करीब 9 बजे मेडिकल कॉलेज के डीन जीबी रामटेके निरीक्षण करने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान इमरजेंसी ड्यूटी डाॅक्टर छोड़कर ओपीडी में एक भी डाॅक्टर मौजूद नहीं था। इसके बाद डीन भड़क गए। उन्होंने हाजिरी रजिस्टर में सभी डॉक्टरों की एब्सेंट लगा दी। इसका पता चलते ही सभी डॉक्टर अस्पताल पहुंच गए। रजिस्टर में एब्सेंट देख वे भी भड़क गए।

फिर शुरू कर दी हड़ताल

डॉक्टरों ने ओपीडी से निकलकर हड़ताल शुरू कर दी। करीब आधा घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। डॉक्टरों ने डीन के खिलाफ नारेबाजी भी की। मामला बढ़ता देख डीन जीबी रामटेके भी डॉक्टरों के बीच आ गए। उन्होंने भी डॉक्टरों को हड़ताल छोड़कर ड्यूटी पर जाने के लिए कहा, लेकिन डॉक्टरों ने मना कर दिया।

आखिर प्रजेंट लगाने के बाद लौटे डॉक्टर

डॉक्टरों ने कहा कि सभी डॉक्टरों की प्रेजेंट लगाएं, तभी ड्यूटी पर लौटेंगे। आखिरकार डीन ने हाजिरी रजिस्टर में फिर से सभी डॉक्टरों की प्रेजेंट लगाई। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। डॉक्टर ड्यूटी पर लौटे।

आए दिन ड्यूटी से गायब रहते हैं डाॅक्टर

बता दें कि मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में आए दिन डॉक्टर ड्यूटी से गायब रहते हैं। यहां ओपीडी में सभी डाॅक्टर तय समय से आधा से एक घंटा देरी से पहुंचते हैं। ओपीडी के सामने मरीजों की कतार लगी रहती है। यही नहीं, एक घंटे पहले ही सभी अस्पताल से निकल जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *