Sunday, June 8, 2025
Nation

24 घंटे में कोरोना के 6,050 मरीज मिले, 14 मौतें; 7 महीने बाद डेली केस 6 हजार पार

देश में कोरोना मरीजों की संख्या एक बार फिर बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में देश में 6,050 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 14 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस 28 हजार 303 हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

मांडविया ने कहा कि सतर्क रहने की जरूरत है, घबराने की जरूरत नहीं है। वर्तमान में, ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट फैल रहा है। इसमें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं होती है। बुधवार को कोविड इम्पावरमेंट वर्किंग ग्रुप ने भी समीक्षा बैठक की थी।

मार्च के मुकाबले अप्रैल में तेजी से बढ़ रहे केस
फिलहाल, पॉजिटिविटी रेट 3.39% है। मार्च के 31 दिनाें में कोरोना के 31,902 केस सामने आए थे। इसके मुकाबले अप्रैल के 6 दिनों में ही 26,523 नए केस मिले हैं।

औसतन मार्च में रोजाना औसतन एक हजार नए केस मिले थे, जबकि अप्रैल में रोजाना औसतन 4 हजार मामले आ रहे हैं। अगर संक्रमण दर यही रही, तो अप्रैल में 1.20 लाख नए मामले आने की आशंका है। रोजाना जिस हिसाब से नए केस बढ़ रहे हैं, उसके मुताबिक अप्रैल के कुल केस इससे ज्यादा हो सकते हैं।

टॉप-5 राज्यों में दो-तिहाई नए केस
देश में पिछले 24 घंटे में मिले 6,050 नए केस में से 4,037 सिर्फ 5 राज्यों में मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन्हें शुक्रवार को जारी किया है। इनमें केरल सबसे आगे है। यहां 1,936 नए केस मिले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 803, दिल्ली में 606, हिमाचल प्रदेश में 367 और गुजरात में 327 केस सामने आए हैं।

केरल: यहां 1,936 नए केस मिले हैं, जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई है। 742 लोग ठीक भी हुए हैं। इससे पहले 22 सितंबर को 2300 मामले सामने आए थे।

महाराष्ट्र: यहां बीते दिन 803 नए केस मिले हैं, 687 लोग ठीक हुए जबकि 3 लोगों की मौत हुई। बुधवार को यहां 569 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.05% है।

दिल्ली: यहां बीते दिन 606 नए मामले सामने आए और एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 340 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। एक्टिव केस 2,060 हो गए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 16.98% है।

हिमाचल प्रदेश: यहां गुरुवार को 367 नए केस सामने आए हैं, जबकि 1 की मौत हुई है और 138 लोग ठीक हुए हैं। फिलहाल राज्य में 1,933 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.31% हो गया है।

गुजरात: यहां 327 नए केस मिले हैं, 1 व्यक्ति की मौत हुई है और 360 लोग ठीक हुए हैं। बुधवार को यहां 351 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.45% है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *