Sunday, June 8, 2025
Nation

24 घंटे में कोरोना के 4435 नए केस, 15 मौतें; 6 महीने बाद फिर डराया

देश में मंगलवार को कोरोना के 4435 नए केस सामने आए हैं, जबकि 15 लोगों की मौत हुई है। छह महीने बाद यह पहला मौका है, जब एक दिन में 4 हजार से ज्यादा केस मिले हैं। इससे पहले 28 सितंबर को 4271 केस सामने आए थे। इस दौरान 2,508 लोग ठीक भी हुए। फिलहाल, देश में 23,091 एक्टिव केस हैं। ये 18 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा हैं।

पिछले 24 घंटों में कोरोना से हुई 15 मौतों में 4 महाराष्ट्र में हुई हैं, जबकि राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक और पुडुचेरी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। इनके अलावा, केरल से 4 मौतें दर्ज की गई हैं, लेकिन यह बैकडेट में है। यानी ये मौतें पहले कभी हुई हैं, जिन्हें आज दर्ज किया गया है।

मार्च महीने के बाद संक्रमण की रफ्तार तेज
देश में 15 नवंबर के बाद से कोरोना के मामलों में लगातार कमी आ रही थी। रोजाना केस 500 से कम होते हुए 30 जनवरी को सबसे कम 64 पर पहुंचे। फरवरी के अंत तक यही ट्रेंड जारी रहा, जिसमें रोजाना केस 200 से 300 के बीच रहे। अब मार्च आते ही अचानक मामलों में तेजी आने लगी।

11 मार्च को 500 से ज्यादा मामले आए, 21 मार्च को मामले बढ़कर 1100 से ज्यादा हो गए। 28 मार्च को 2 हजार से ज्यादा और 29 मार्च को 3 हजार से ज्यादा केस मिले। अब 4 अप्रैल को साढ़े 4 हजार के करीब मामले सामने आए हैं।

टॉप-5 राज्यों में दो-तिहाई नए केस
देश में मंगलवार को मिले 4,435 नए मामलों में में से 2905 सिर्फ 5 राज्यों में मिले हैं। इनमें केरल सबसे आगे है। यहां एक हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं। इसके बाद दिल्ली में 521, महाराष्ट्र में 711और कर्नाटक-गुजरात में 324 केस सामने आए हैं।

केरल: यहां 1025 नए केस मिले हैं, 425 लोग ठीक हुए। 596 लोगों का इलाज चल रहा है। सोमवार को भी केरल में 964 नए केस दर्ज किए गए थे। इससे पहले 2 अक्टूबर को 1121 मामले सामने आए थे।

महाराष्ट्र: यहां बीते दिन 711 नए केस मिले हैं, 447 लोग ठीक हुए। इससे पहले यहां 29 अक्टूबर को 971 नए केस सामने आए थे। मंगलवार को यहां कोरोना से 4 लोगों की मौत हुई, जबकि 260 लोगों का इलाज चल रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.94% है।

दिल्ली: यहां मंगलवार को 521 नए मामले सामने आए। 7 महीने बाद दिल्ली में एक दिन में 500 से ज्यादा केस मिले हैं। इससे पहले 27 अगस्त को 573 नए केस सामने आए थे। यहां मंगलवार को 216 लोग ठीक हुए, जबकि 1 व्यक्ति की मौत हो गई। फिलहाल एक्टिव केस 304 हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 15.64% पहुंच गया है।

कर्नाटक: यहां मंगलवार को 324 नए केस सामने आए हैं, एक की मौत हुई है, जबकि 384 लोग ठीक हुए हैं। फिलहाल, राज्य में 39 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 3.10% हो गया है।

गुजरात: यहां 324 नए केस मिले हैं, एक व्यक्ति की मौत हुई है। 317 लोग ठीक हुए हैं। सोमवार को यहां 231 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.49% है।

UP में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही संक्रमित

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वे लखनऊ स्थित आवास पर होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने संपर्क में आने वाले लोगों को जांच कराने के लिए कहा है। राज्य में 24 घंटे में 163 नए केस सामने आए हैं। यहां एक्टिव मरीज 718 हैं।

नया वैरिएंट XBB 1.16 जिम्मेदार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में नए मामलों में बढ़ोतरी के लिए कोरोना का नया वैरिएंट XBB 1.16 जिम्मेदार है। दिल्ली के सीनियर डॉक्टर डॉ. संदीप नायर ने कहा- कोरोना का यह जो स्ट्रेन आया है, उसने गंभीर रूप धारण नहीं किया है। संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन हल्के लक्षण देखे गए हैं। ज्यादातर लोग घर में ही दवा लेकर ठीक हो रहे हैं। घबराने की बात नहीं है।

कोर्ट में वर्चुअली पेश होने के लिए वकील स्वतंत्र

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ ने अहम फैसला दिया है। सीजेआई ने कहा कि कोरोना के मामलों को देखते हुए वकील अदालतों में वर्चुअली तरीके से पेश होने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वकीलों को सुनने का इच्छुक है।

मुख्य न्यायाधीश ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला दिया है। डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस जेबी पारदीवाला की पीठ ने कहा कि अदालत वकीलों को हाइब्रिड मोड के माध्यम से उपस्थित होने की अनुमति देने के लिए तैयार है। चंद्रचूड़ ने कहा, “हम आपको वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी सुन सकते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *