दिग्विजय सिंह ने पोस्ट किया झारखंड के पुलिस अफसर का वीडियो, कहा- भाजपाइयों के घर तोड़ेंगे?; वीडी बाेले- इन्हें झूठ परोसने का टेंडर मिला
भोपाल। झारखंड में शुक्रवार को भाजपा ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने भाजपाइयों पर वाटर कैनन से प्रेशर और आंसू गैस के गोले छोड़े। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने भी पुलिस पर पत्थर फेंके।
इसी मामले में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने अपने X हैंडल पर रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा का वीडियो शेयर किया है। एसएसपी कहते दिख रहे हैं, ‘भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थरबाजी की है। आप एक तरफ भारत माता की जय बोल रहे हैं। दूसरी तरफ भारत माता के जवानों को पत्थर मार रहे हैं, जिससे उनकी जान जा सकती है।’
दिग्विजय ने पूछा है कि क्या छतरपुर की तरह यहां भी पुलिस को पत्थर मारने वाले भाजपाइयों के घर बुलडोजर चलवाएंगे? झारखंड में भाजपा के प्रदेश प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार जुल्म ढा रही है। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि दिग्विजय सिंह को झूठ परोसने का टेंडर मिला है।
Controversial Statement of Congress Leader Digvijay Singh At Ranchi Case
दिग्विजय ने पूछा- इन भाजपाइयों को नेस्तनाबूद कर JCB चलवाएंगे
दिग्विजय सिंह ने रांची अफसर का वीडियो रिट्वीट किया। लिखा- ‘वीडी शर्मा अब इन भाजपा कार्यकर्ताओं को भी नेस्तनाबूद कर उनके घर पर जेसीबी चलवाएंगे? एक अन्य ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने छतरपुर में हुई कार्रवाई को लेकर X पर लिखा- छतरपुर में थाने पर पथराव का समर्थन नहीं करता, लेकिन इसके आरोप में हाजी शहजाद अली का मकान जमींदोज करना, उनकी गाड़ियों पर बुलडोजर चलाना और उसे गुनाहों का मुखिया घोषित करना भी संदेह पैदा करता है।
दिग्विजय ने आगे लिखा- संदेह यह भी है कि मप्र में भाजपा नेता जिस घटना को पत्थरबाजी से जोड़ रहे हैं। स्थानीय कलेक्टर उसे अवैध निर्माण का मामला बता रहे हैं। प्रशासन और राजनीतिक लोगों के बयानों में विरोधाभास है। दूसरी तरफ कानूनी सवाल भी हैं कि किसी व्यक्ति का घर बिना प्रक्रियाओं का पालन किए कैसे तोड़ा गया?
Controversial Statement of Congress Leader Digvijay Singh At Ranchi Case
सबसे बड़े कोतवाल सांसद जी बनकर उभरे और तुरंत बयान दे दिया कि पत्थर फेंकने वालों के साथ यही सलूक किया जाएगा। उन्हें नेस्तनाबूद कर देंगे। क्या देश में न्यायालय की भूमिका खत्म हो गई है? क्या स्थानीय पुलिस और सांसद ही कानूनी फैसले लेने के लिए नियुक्त कर दिए गए हैं?
वीडी बोले- दिग्विजय को झूठ बोलने का टेंडर मिला
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- दिग्विजय सिंह का कैरेक्टर रहा है कि झूठ कैसे परोसा जाए। कहीं मस्जिद पर कुछ हो रहा है, उसे मप्र की मस्जिद बताने का काम दिग्विजय सिंह ने किया। बाद में डिलीट करके भाग गए।
पाकिस्तान और न जाने कहां की रोड को भोपाल में दिखा रहे थे। वो भी डिलीट करके भाग गए। अभी भी भोजपुरी सिंगर नेहा राठौर ने जो वीडियो डाला है, दिग्विजय जी कहां का है ये तो बता दो। आपको तो केवल झूठ परोसने का ही टेंडर दिया है कांग्रेस ने। तो आप झूठ बोलते रहिए।
पुलिस पर रांची में पथराव की खबर पर वीडी शर्मा ने कहा- रांची में सरकार किसकी है? बंगाल में ममता बनर्जी गुंडिज्म कर रही हैं। टीएमसी के गुंडे और अपराधी मैदान में उतर गए, तो भाजपा कार्यकर्ता क्या करेगा। बीजेपी का कार्यकर्ता उन अपराधियों से लड़ रहा है। यहां जिन पर कार्रवाई हुई है, उन्होंने थाने में घुसकर कानून तोड़ा है। दिग्विजय सिंह आप मुख्यमंत्री रहे हैं संवैधानिक पद पर रहे हैं, तो क्या आप इसे अच्छा मानते हैं?
Controversial Statement of Congress Leader Digvijay Singh At Ranchi Case
शिवराज बोले- सोरेन सरकार ने बर्बरता की
झारखंड भाजपा के प्रभारी और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- झारखंड में अन्याय की अति और जुल्म की पराकाष्ठा हुई है। युवा आक्रोश प्रकट करने बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आ रहे थे, तो बर्बरता शुरू हो गई। जगह-जगह कार्यकर्ता पकड़े गए। बसें रोकीं गईं। बस मालिकों को डराया गया।
शिवराज ने कहा- ऐसा अन्याय लोकतंत्र में कहीं नहीं देखा। कंटीले और नुकीले तारों की बाड़ें लगा दीं। डरे हुए हेमंत सोरेन, किसी भी कीमत पर भाजपा के कार्यकर्ता पहुंच ना पाएं, इसलिए ऐसी बर्बरता की वो अकल्पनीय है। कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाई गईं।
Controversial Statement of Congress Leader Digvijay Singh At Ranchi Case
मसूद बोले- क्या छतरपुर जैसा एक्शन होना चाहिए
भोपाल मध्य के कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा- मप्र के भाजपा नेता छतरपुर की घटना पर बड़ी-बड़ी बात कर रहे हैं। पूछना चाहता हूं कि अब इन पर क्या कार्रवाई होना चाहिए। इन्होंने भी पुलिस को मारा है। ये भी भारत के जवान हैं। अब इन पर पुलिस एफआईआर तो करेगी ही, लेकिन बाकी क्या कार्रवाई होना चाहिए? क्योंकि हम तो संविधान को मानने वाले हैं। अब हम इनसे (बीजेपी) से पूछना चाहते हैं कि जो छतरपुर में कार्रवाई हुई है, वो रांची में होना चाहिए।
Controversial Statement of Congress Leader Digvijay Singh At Ranchi Case