दतिया में ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल ने खुद को गोली मारी, मौत; परिजन बोले- काम के डिप्रेशन में थे

दतिया। दतिया जिले के इंदरगढ़ थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल ने गुरुवार सुबह खुद को गोली मार ली। उन्होंने सरकारी राइफल से गले में फायर किया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया। घटना के वक्त वह थाने के पहरे की ड्यूटी पर थे।
कॉन्स्टेबल विवेक शर्मा (31) सुबह 7 बजे ड्यूटी पर पहुंचे थे। करीब 8 बजे खुद को गोली मार ली। आवाज सुन अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। सूचना पर एसपी वीरेंद्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
ससुर बोले- चौकी से हटाने के बाद से परेशान थे
विवेक के ससुर शत्रुघ्न शर्मा का कहना है कि वो पहले बस स्टैंड की चौकी पर पदस्थ थे। बाद में थाने में रुटीन ड्यूटी पर थे। फिर रात से उन्हें पहरे की ड्यूटी मिली। विवेक नौकरी को लेकर पिछले एक सप्ताह से डिप्रेशन में थे। उनका काम में मन नहीं लग रहा था, इसलिए मैंने छुट्टी लेने को भी कहा था। चौकी से हटाए जाने के बाद से वो परेशान थे।

विधानसभा चुनाव के दौरान बदला था थाना
ग्वालियर के रहने वाले विवेक शर्मा की शादी 2017 में हुई थी। उनका चार महीने का बेटा और 4 साल की बेटी है। विवेक करीब 7 महीने पहले विधानसभा चुनाव के दौरान इंदरगढ़ थाने में पदस्थ हुए थे। आरक्षक पहले थाने रुटीन ड्यूटी करते थे, लेकिन कल रात 9 से 12 बजे पहरा दिया। फिर सुबह 6 से 9 बजे का पहरा करने की ड्यूटी थी।
एएसपी सुनील शिवहरे का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम भी जांच में लगी है। हर एंगल से जांच की जाएगी।