कांग्रेस विधायक सुनील उइके पर 5 और उनकी पत्नी पर एक करोड़ से ज्यादा का कर्ज
छिंदवाड़ा। विधान सभा चुनाव को लेकर सभी प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। इस दौरान उम्मीदवारों ने चल-अचल संपति का ब्योरा भी दिया है। इसमें जुन्नारदेव से कांग्रेस विधायक और कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार चल-अचल संपत्ति को लेकर चर्चा में हैं। ब्योरे में उन्होंने खुद पर 5 करोड़ और पत्नी रीता उइके पर एक करोड़ से ज्यादा का कर्ज बताया है।
दरअसल, नामांकन दाखिल करते समय सुनील उइके ने चल-अचल संपत्ति के साथ उधारी का जिक्र भी किया है। उन्होंने अपने परिचितों से अलग-अलग अमाउंट में 5 करोड़ 30 लाख रुपए से ज्यादा का कर्ज लिया है। इस राशि को उन्होंने बिजनेस समेत अन्य कामों में लगाया है। वहीं, उनकी पत्नी ने भी परिचितों से एक करोड़ रुपए उधार लिए हैं। रीता उइके का मुख्य व्यवसाय कृषि व व्यापार बताया है।
दबे स्वर में बोले लोग- गलत जानकारी दी
क्षेत्र के लोग दबे स्वर में बोल रहे हैं कि सुनील उइके ने संपत्ति की गलत जानकारी दी है। वहीं, उन पर पर दो केस भी दर्ज हैं, जो कोर्ट में विचाराधीन हैं। लोगों का कहना है कि विधायक ने क्षेत्र का नहीं, बल्कि खुद का विकास किया है। जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है।
2018 में बताई थी 4 करोड़ की संपत्ति
बताया जा रहा है कि 2021 में सुनील उइके ने माफिया के साथ मिलकर प्लाॅट खरीदा है। इसी तरह और भी संपत्तियां उनके पास हैं, जिसका विवरण उन्होंने नहीं दिया है। जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके ने 2018 में पहला विधानसभा चुनाव लड़ा था। इसमें उन्होंने करीब 4 करोड़ की चल-अचल संपत्ति बताई थी। पिछले पांच साल में संपत्ति कई गुना बढ़ गई। वर्तमान में उनके पास भोपाल, छिंदवाड़ा और नागपुर के अलावा अन्य जिलों में अचल संपति है।
पहले चुनाव जिताओ फिर उधारी देंगे
सूत्रों की मानें, तो क्षेत्र में विधायक सुनील उइके ने जिन लोगों से उधार लिया है, उनसे कहा है कि पहले चुनाव जिताओ, उसी के बाद उधारी लौटाई जाएगी।
विधायक पर पत्नी का भी कर्ज
विधायक सुनील उइके ने पत्नी रीता उइके से भी आठ लाख रुपए उधार ले रखे हैं। इसकी जानकारी भी उन्होंने दी है। इसके अलावा, सुनील उइके पर चक्का जाम कर यातायात बाधित करने का मामला दर्ज हुआ है। वहीं, धारा 147 और 134 के तहत मामला दर्ज है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।