Sunday, June 8, 2025
MP

कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेड़ा ने नदी से निकाला शव, नहाते समय नर्मदा में डूबा युवक

खरगोन। खरगोन में धरमपुरी से कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेड़ा ने जान जोखिम में डालकर युवक का शव नदी में से निकाला। दरअसल, गुरुवार शाम नर्मदा नदी में नहाते वक्त एक युवक डूब गया था। गोताखोरों ने युवक को तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। शुक्रवार सुबह जब धरमपुरी से कांग्रेस पहुंचे, तो उन्हें शव बहता दिखा। विधायक ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी।

धार के बिलोदा खुर्द से गुरुवार को चार लोग नर्मदा में नहाने गए थे। सभी ने सहस्त्रधारा में स्नान किया। इस दौरान शाम करीब 4:30 बजे ग्राम बिलोदाखुर्द के रहने वाले कमलेश पाटीदार (45) नदी की खोह (गड्‌ढे) में चले गए। देर तक कमलेश बाहर नहीं आए, तो साथियों ने ढूंढा। नहीं मिलने पर पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। देर रात तक गोताखोर व SDRF टीम रेस्क्यू में जुटी रही, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से गोताखोर एकबार फिर तलाश करने लगे।

नर्मदा में 300 मीटर दूर से निकाला शव

धरमपुरी विधायक पांचीलाल मेड़ा रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह महेश्वर के समीप स्थित दत्ताश्रम जलकोटी में पूजा के लिए पहुंचे। वे नर्मदा स्नान के लिए सहस्त्रधारा गए। यहां युवक के डूबने की सूचना पर सुबह करीब 10 बजे वे घटनास्थल पर पहुंचे। यहां नर्मदा में एक शव बहता दिखा। इस पर विधायक साथियों के साथ नर्मदा में कूद गए। करीब 300 मीटर दूर जाकर उन्होंने शव बरामद किया। साथियों के साथ विधायक शव को किनारे पर लाए। यहां से पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया।

नर्मदा की मुख्यधारा में फिसला पैर

विधायक ने बताया कि बिलोदा के मुकेश पाटीदार और उनके समधी कमलेश पाटीदार सहित अन्य लोग नर्मदा में स्नान करने गए थे। सहस्त्रधारा में नहाने के बाद नदी से निकलते समय कमलेश का पैर फिसल गया। वह मुख्यधारा के गहरे पानी में चले गए। यहां नर्मदा में गहरी खाई है। यहां पानी में भंवर बनता है। कमलेश उसमें फंस गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *