Friday, September 12, 2025
NationPolitics

आंध्रप्रदेश के पूर्व CM किरण कुमार रेड्डी भाजपा में शामिल, पिछले महीने कांग्रेस छोड़ी थी

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम किरण कुमार रेड्‌डी ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने पिछले महीने ही कांग्रेस छोड़ी थी। किरण कुमार रेड्डी ने संयुक्त आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था। वे नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि ‘किरण कुमार रेड्डी के परिवार के कई सदस्य कांग्रेस में थे। कुछ समय पहले जब मैं उनसे मिला, तो उन्होंने मुझे बताया कि वह पीएम मोदी से प्रभावित हैं।

जोशी ने कहा कि ‘वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करेंगे, क्योंकि एक विधायक और मंत्री के रूप में उनकी छवि साफ रही है। आंध्र प्रदेश में भाजपा के लिए यह एक बड़ा लाभ होगा.’

शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी की मौजूदगी में एन. किरण कुमार रेड्डी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

सितंबर, 1959 में जन्मे रेड्डी ने 25 नवंबर, 2010 से 01 मार्च, 2014 तक अविभाजित आंध्र प्रदेश के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया. दो जून, 2014 को तेलंगाना राज्य के गठन से पहले वह संयुक्त आंध्र प्रदेश के अंतिम मुख्यमंत्री थे। किरण कुमार रेड्डी ने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक लाइन का त्याग पत्र भेजकर कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया था। उनको बीजेपी जॉइन कराने का समारोह नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में आयोजित हुआ था। किरण कुमार ने 2014 में तत्कालीन यूपीए सरकार के आंध्र प्रदेश को विभाजित करने और तेंगाना को अलग राज्य बनाने के फैसले के विरोध में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपनी पार्टी ‘जय समैक्य आंध्र’ बनाई और यहां तक कि 2014 के चुनावों में कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार भी उतारे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *