Sunday, June 8, 2025
MP

कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ के बाद भड़के कांग्रेस नेता, कार्यकर्ताओं से बोले- चूड़ियां पहन लो 

जबलपुर। जबलपुर में कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ के बाद कांग्रेस नेता दिनेश यादव भड़क गए। उनका वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं, बजरंग दल और भाजपा पर जमकर बरसे। वह गाली-गलौज करते भी दिख रहे हैं। वीडियो कांग्रेस कार्यालय के बाहर का बताया जा रहा है। गुरुवार को बजरंग दल ने बलदेवबाग स्थित कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ की थी।

दरअसल, कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणा पत्र में बजरंग दल को बैन करने की बात पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़क गए। गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता बजरंग दल के कार्यकर्ताओं लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। कार्यालय के गेट पर लातें भी मारी और ताला तोड़कर जबरन अंदर घुस गए।​​​​ सोनिया गांधी का पोस्टर भी फाड़ दिया। सीढ़ियों पर चढ़कर टीनशेड को उखाड़ दिए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने तोड़फोड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूर्व मंत्री तरुण भनोट ने लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया।

जानिए, कांग्रेस नेता के वीडियो में क्या है…

वीडियो में दिनेश यादव​​ कह रहे हैं कि अन्नू को फोन लगाओ, यदि अन्नू की हिम्मत हो रही है, तो घटनास्थल पर आए, नहीं तो परेशान नहीं हो… रहने दो…। इसके बाद वे गाली गलौज करने लगे, कहा- बुलाओ…सबको बुलाओ…देखें इनकी गुंडागर्दी कितनी हैं…कौन संरक्षण दे रहा है। आज भाजपा कार्यालय में जाएंगे, जो होगा देखा जाएगा। दिनेश यादव ने कांग्रेस नेताओं को कहा, सभी चूड़ियां पहन लो। इस दौरान दिनेश यादव के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सौरभ नाटी शर्मा भी मौजूद रहे।

दिनेश यादव बोले- गुस्से में था, क्या कहा याद नहीं

कांग्रेस नेता दिनेश यादव का कहना है, जिन्होंने कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ की, उनके खिलाफ आक्रोश था। स्वाभाविक है, यदि वह सामने होते, तब हम लड़ाई भी करते। कांग्रेस नेताओं को चूड़ियां पहनने की नसीहत देने के मामले में उन्होंने कहा– मैं गुस्से में था, मुझे याद नहीं है, मैंने क्या-क्या बोला है।

पुलिस ने तीन उपद्रवियों को किया गिरफ्तार

कांग्रेस ने बजरंग दल के विजय यादव, अशोक रोहिताश, राजेश रैकवार, सुमित ठाकुर, संजय तिवारी और भूरा पहलवान समेत 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने अभी तक राजेश रैकवार और सुमित सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *