Sunday, July 27, 2025
MP

कॉलेज छात्र ने मुंह में सुतली बम रखकर फोड़ा, बुरी तरह फटा चेहरा, मौत

श्योपुर। श्योपुर में कॉलेज छात्र ने मुंह में सुतली बम रखकर फोड़ दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका चेहरा बुरी तरह फट गया। पता चला है कि छात्र शहर जाकर पढ़ना चाहता था, लेकिन परिवार की माली हालत कमजोर होने के कारण एडमिशन नहीं ले पा रहा था। रविवार सुबह टॉयलेट में जाकर खुदकुशी कर ली।

छात्र बृजेश उर्फ गोलू (24) पिता खेमराज प्रजापति है। वह BSc फाइनल ईयर का छात्र था। रविवार सुबह करीब 9 बजे उसका शव घर के टॉयलेट में लहूलुहान हालत में मिला। पटाखे की आवाज सुनकर परिवार के लोग वहां पहुंचे। उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पटाखे की आवाज सुन पड़ोसी भी आ गए

गोलू के चाचा रामअवतार प्रजापति ने बताया कि तेज आवाज में पटाखा चलने पूरा घर गूंज उठा। आवाज सुनकर पड़ोस के लोग भी आ गए। आवाज टॉयलेट की तरफ से आई थी, सभी उसी तरफ भागे। टॉयलेट का गेट खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कुंडी लगी थी। दरवाजा तोड़कर देखा, तो गोलू लहूलुहान हालत में पड़ा था। आसपास खून बिखरा था। उसका मुंह बुरी तरह फट गया था। टॉयलेट में सुतली बम के अवशेष और माचिस मिली।

पड़ोसियों से कहता था- बड़े कॉलेज में पढ़ना है

पड़ोसियों ने बताया कि गोलू कुछ दिन से परेशान था। वह कहता था कि मैं बड़े शहर के बड़े कॉलेज में पढ़ाई करना चाहता हूं। कुछ दिन से उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था। पूछने पर कहता था कि कोई बात नहीं है। कम बोलने से काम में मन लगता है।

गोलू ने 10वीं में टॉप किया था

गोलू प्रजापति के बड़े भाई हृदेश ने बताया कि गोलू पढ़ाई में होशियार था। 10वीं में 82 % मार्क्स लाकर जिले की टॉप 10 में जगह बनाई थी। 12वीं में भी अच्छे नंबरों से पास हुआ था। पीजी कॉलेज श्योपुर से मैथ्स विषय से BSc कर रहा था। उसका फाइनल ईयर था। मैं भी एमएससी कंप्लीट कर चुका हूं। नौकरी नहीं मिल पाई है। पापा मटके बनाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए दोनों भाई पढ़ाई के साथ पापा की मदद करते हैं। इसी से पढ़ाई और घर खर्च चलता है।

डॉक्टर बोले-गर्दन से लेकर नाक की हड्डियां डैमेज
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दिलीप सिंह सिकरवार ने बताया कि पीएम के दौरान जबड़े के अंदर बम की सुतली भी निकली है। बम के मुंह में फटने की वजह से जबड़ा, नाक और उसके आसपास की हड्डियां, नीचे गला तक डैमेज हुआ है। इससे उसकी मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *