वंदे भारत के भोजन में कॉकरोच, रेलवे ने ठेकेदार पर लगाया 45 हजार रुपए का जुर्माना

जबलपुर। भोपाल से रीवा जाने वाली वंदे भारत ट्रेन में खाने में कॉकरोच मिला। शिकायत के बाद जबलपुर रेल मंडल और IRCTC ने कैटरिंग ठेकेदार पर 45 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। इसमें रेल मंडल ने 20 हजार और IRCTC ने 25 हजार रुपए का जुर्माना ठोंका है।
1 फरवरी को भोपाल के रहने वाले डॉक्टर शुभेंदु केसरी वंदे भारत ट्रेन से रीवा के लिए रवाना हुए। उन्होंने नॉनवेज खाना ऑर्डर किया। जब खाना आया, तो उनके होश उड़ गए। खाने में कॉकरोच था। डॉक्टर शुभेन्दु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी शिकायत पीएम मोदी, रेल मंत्री और रेल मंत्रालय से की थी। उन्होंने इसकी फोटो भी शेयर की। ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पर पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों से लिखित शिकायत भी की थी।
सीनियर डीसीएम विश्वरंजन का कहना है कि ये सख्ती दिखाने का मकसद, यात्रियों को अच्छी कैटरिंग सुनिश्चित करवाना है।
सूत्र बताते हैं कि वंदे भारत ट्रेन में खाना सप्लाई का जिम्मा आईआरसीटीसी को दिया गया है। ट्रेन के यात्री लगातार खाने की गुणवत्ता और मात्रा को लेकर शिकायत भी कर रहे हैं। इसके बाद भी एक्सप्रेस फूड का ठेका निरस्त नहीं किया गया। कंपनी के एजेंट ट्रेन में खाना सप्लाई कर रहे हैं।