शिवराज बोले- लव जिहाद, धर्मांतरण कराने वालों को छोड़ेंगे नहीं; ऐलान- राणा कल्याण बोर्ड बनाएंगे
भोपाल। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में सोमवार को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए। मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि कई षड्यंत्रकारी देश और संस्कृति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले दिनों ऐसा संगठन पकड़ा गया, जो लव जिहाद, फिर धर्मांतरण और बाद में आतंकवाद की ओर ले जाने का काम करता था। सभी पकड़ लिए गए। JMB (जमात-ए-मुजाहिदीन) के आतंकवादी पकड़े गए। उन्हाेंने कहा कि राणा प्रताप के चरणों में प्रणाम कर संकल्प लेता हूं कि ऐसे लोग छोड़े नहीं जाएंगे।
मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में प्रदेशभर से समाज के लोग जुटे। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे शुरू हुआ। मुख्यमंत्री को महाराणा प्रताप के वंशज डॉ. लक्ष्मणराज सिंह मेवाड़ ने हल्दी घाटी की मिट्टी भेंट की। CM ने कहा कि हल्दी घाटी की माटी से पवित्र हिंदुस्तान में और कुछ नहीं। ये माटी भारत के शौर्य और वीरता की प्रतीक है। इसका मान, सम्मान कभी जाने नहीं दूंगा, जान भले चली जाए। ये माटी महाराणा प्रताप के शौर्य की याद दिलाएगी, कहेगी- सही दिशा में काम कर।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर योद्धा महाराणा प्रताप की जयंती के दिन मध्यप्रदेश सरकार ने छुट्टी घोषित कर उपकार नहीं किया। हमने ऋण उतारा है।
CM की घोषणा, भोपाल में बनेगा महाराणा प्रताप का स्मारक, वीरता पढ़ाएंगे
मुख्यमंत्री ने मंच से ऐलान किया कि महाराणा प्रताप को आने वाली पीढ़ियां पढ़ पाएं, इसके लिए मध्यप्रदेश की पाठ्य पुस्तकों में उनकी वीरताओं की कहानियां पढ़ाई जाएंगी। भोपाल में महाराणा प्रताप, चेतक और उनके दूसरे सहयोगियों का भव्य स्मारक बनाया जाएगा। सभी के जीवन-दर्शन को चित्रित किया जाएगा। कई कल्याणकारी काम होते रहें, इसलिए राणा कल्याण बोर्ड का गठन भी हम करेंगे। बोर्ड में मार्गदर्शन के लिए महाराणा प्रताप के वंशज से स्वीकृति मांगी।
केंद्रीय मंत्री तोमर बोले- शिवराज ने घोषणाएं करने में कंजूसी नहीं की
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, CM शिवराज ने घोषणाएं करने में कंजूसी नहीं की। लेकिन, इतिहास साक्षी है कि बाकी जो मुख्यमंत्री हुए और घोषणा करते थे, उसमें से 10% पर अमल हुआ। शिवराज ने 100 घोषणाएं की, तो 95% पर अमल हुआ। महाराणा प्रताप के वंशज डॉ. लक्ष्मणराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि मेवाड़ और इस देश का पर्यायवाची हमारा स्वाभिमान है। इसे सम्मान देने का काम मध्यप्रदेश में हो रहा है। उम्मीद करता हूं कि अन्य प्रदेश इस सीख को लेकर आगे बढ़ेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, कृषि मंत्री कमल पटेल व अन्य अतिथि मौजूद रहे।
राजपूत समाज ने MP नगर चौराहे पर लगाया जाम
एमपी नगर चौराहे को राजपूत समाज के लोगों ने एक घंटे तक जाम रखा। दरअसल, यहां लगी महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना था। क्रेन नहीं आने पर समाज ने नगर निगम का विरोध जताया। एक घंटे बाद क्रेन आने पर दोपहर 12 बजे माल्यार्पण हो सका। इसके बाद दोपहर 12.15 बजे मनुआभान टेकरी पर महारानी पद्मावती की 15 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण हुआ। CM शिवराज सिंह चौहान ने कहा, आज एक संकल्प पूरा हुआ है।
विरोध के चलते कार्यक्रम अहम
इसी साल 8 जनवरी को राजपूत करणी सेना ने जंबूरी मैदान पर बड़ा प्रदर्शन किया था। मांगें पूरी नहीं होने पर वे जंबूरी मैदान के पास ही धरने पर बैठ गए थे। राजपूतों की मांगों को लेकर मनाने में पूरी सरकार जुटी रही। आश्वासन के बाद राजपूत वहां से हटे। इसके बाद सरकार ने समाज के लोगों को साधने की कोशिशें की। CM हाउस में कार्यक्रम तक हुआ।