शिवराज का ऐलान- ब्राह्मण कल्याण बोर्ड बनाएंगे, पुजारियों को 5 हजार रु. भत्ता मिलेगा
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड बनाया जाएगा। पुजारियों को 5 हजार रु. भत्ता दिया जाएगा। सरकार मंदिरों की कोई भी गतिविधि संचालित नहीं करेगी। जितनी जमीन मंदिरों के नाम है, उनको कलेक्टर नीलाम नहीं करेंगे, बल्कि उनको पुजारी ही नीलाम कर सकेंगे। भोपाल के लालघाटी स्थित गुफा मंदिर परिसर में शनिवार को परशुराम जयंती पर ‘अक्षयोत्सव 2023’ कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पहुंचे।
सीएम शिवराज ने कहा- सरकारी स्कूलों में संस्कृत के शिक्षकों की भर्ती प्रारंभ कर दी गई है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 3,547 संस्कृत शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश के मंदिरों के पुजारियों को हर महीने 5 हजार रुपए भत्ता और संस्कृत पढ़ने वाले कर्मकांडी बच्चों को स्कॉरशिप देने की पहल की गई है। गुफा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भवन बनेगा। आठवीं की किताब में भगवान परशुराम के जीवन को सम्मिलित किया गया था। हम केवल अकबर को नहीं पढ़ाएंगे, हम राम को भी पढ़ाएंगे, परशुराम को भी पढ़ाएंगे। इतिहास को सही ढंग से लिखने की कोशिश करेंगे।
मुख्यमंत्री बोले- भगवान परशुराम जी ने आततायियों का नाश के लिए फरसा उठाया था। उनकी प्रेरणा से मध्यप्रदेश की धरती पर गुंडे, बदमाश, नक्सलियों की खैर नहीं। प्रदेश सरकार अभियान चला रही है।
धीरेंद्र शास्त्री बोले- जल्द भोपाल में कथा करेंगे
‘अक्षयोत्सव 2023’ कार्यक्रम में बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हुए। वे विशेष विमान से एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से गुफा मंदिर तक जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि धर्म और शास्त्र दोनों की आवश्यकता है। हम यहां प्रवचन सुनाने नहीं आए हैं, हम तो भोपालवासियों के दर्शन करने आए हैं। शीघ्र ही भोपाल में कथा करेंगे। बालाजी की कृपा हुई, तो भारत हिंदू राष्ट्र होगा। जातिवाद का नाता तोड़ना होगा और हम सबको एक होना पड़ेगा।
लालघाटी चौराहा से निकली कलश यात्रा
भगवान परशुराम प्रकटोत्सव समारोह समिति के आलोक शर्मा, रामबाबू शर्मा और राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि लालघाटी चौराहा से बड़ी संख्या में महिलाएं कलश यात्रा लेकर निकली। CM शिवराज सिंह चौहान, गुफा मंदिर श्री रामानंद आश्रम के महंत श्रीश्री 1008 रामप्रवेशदास जी महाराज, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी शोभायात्रा में शामिल हुए। शिव भक्त मंडल उज्जैन के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। मंदिर परिसर में मंच पर 551 ब्राह्मणों द्वारा स्वास्तिक वाचन, शंखनाद, भजन-कीर्तन और महाआरती कर प्रकटोत्सव समारोह की शुरुआत की गई।