CM बोले- कांग्रेस अपने झंडे से भगवा रंग हटाए, भोपाल में कहा- उनकी सोच पर शर्म आती है
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस के झंडे में से भगवा रंग हटाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी सोच पर शर्म भी आती है, हंसी भी आती है और नाराजगी भी है। भगवा रंग के ऊपर कांग्रेस को आपत्ति है। कांग्रेस चाहती क्या है?
मुख्यमंत्री ने यह रविवार को भोपाल में महावीर जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से चर्चा में कही।
सीएम ने कहा- वामपंथी और विरोधी दल को समझ नहीं आता कि भगवा रंग त्याग, वैराग्य का प्रतीक है, सूर्य संस्कृति के वाहक हैं। दूरदर्शन के लोगो पर सफेद की जगह नारंगी कलर, भगवा कलर आया है। ये तो त्याग का प्रतीक है। मैं उम्मीद करता हूं कि कांग्रेस अपने शब्दों के लिए माफी मांगेगी।
राहुल गांधी का बयान चिंताजनक
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के अग्निवीर योजना बंद करने के बयान पर सीएम ने कहा कि कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी की सोच ही देश के लिए बड़ा ही चिंताजनक है। वे सदैव सेना के पराक्रम पर प्रश्न उठाते हैं। अग्निवीर योजना पर प्रश्न उठाते हैं। जो उनकी सोच है, वह हमेशा देश को दुर्भाग्यपूर्ण व्यवस्था में ले जाती है। उम्मीद करता हूं। मध्यप्रदेश में आकर के वह अपनी भूल सुधार करेंगे।

दूरदर्शन के लोगो भगवा रंग होने से विवाद
- दरअसल, पब्लिक ब्रॉडकास्टर दूरदर्शन ने अंग्रेजी चैनल डीडी न्यूज के लोगो का रंग नारंगी कर दिया है। इसे लेकर विपक्षी दल के नेता विरोध कर रहे हैं।
- 16 अप्रैल को दूरदर्शन ने सोशल मीडिया X पर नया प्रमोशनल वीडियो शेयर किया। लिखा- हालांकि हमारे मूल्य वही हैं, अब हम एक नए अवतार में उपलब्ध हैं।
- ऐसी समाचार यात्रा के लिए तैयार हो जाएं, जो पहले कभी नहीं देखी गई। बिल्कुल नए डीडी न्यूज का अनुभव करें। डीडी न्यूज- भरोसा सच का।
कांग्रेस प्रवक्ता बोले- मुद्दों पर करें बात
कांग्रेस प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने कहा- पर्ची से निकले मुख्यमंत्री, इस देश के लोकतंत्र और संविधान के तहत शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री कभी छिंदवाड़ा में जाकर लोगों से कहते हैं कि तुमने हमें नहीं जिताया, हम तुम्हारा काम क्यों करें। वे कभी देश के मूल मुद्दों पर बात नहीं करते, जिन्होंने कहा था कि 2700 रुपए क्विंटल गेहूं खरीदेंगे ₹3100 क्विंटल धान खरीदेंगे।
कुणाल चौधरी ने कहा- इनके पूर्वज आजादी की लड़ाई के समय अंग्रेजों के टॉयलेट साफ करते थे। ये उस एजेंडे को आगे बढ़ाने में लगे हैं। कांग्रेस ने इस देश के लिए शहादत दी है। मूल मुद्दे पर बात करें, यह देश तिरंगे का है और तिरंगे का ही रहेगा। ना तो सिंगल रंग का देश होगा, और ना ही देश का झंडा होगा।