सीएम डॉ. यादव केजरीवाल पर बोले- ‘सरकार जेल से नहीं चलती, कांग्रेस पर कहा- कांग्रेस ने भ्रम फैलाया

बड़वानी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर कहा कि सरकार जेल से नहीं चलती, जनता के बीच जाना पड़ता है। सीएम बनने के बाद डॉ. यादव पहली बार बड़वानी पहुंचे। यहां उन्हेांने योगमाया मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद लोगों से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी पार्टी के ही दो-दो मंत्री जेल में हैं। शराब कांड मामले में जब केजरीवाल के पास 9-9 बार समन गए, वो हाईकोर्ट गए। जब हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली, तो स्वतः इस्तीफा देकर पहले आरोप को फेस करते, फिर बरी होने के बाद वो अपनी सरकार चलाते।
सीएम बोले- सरकार जेल से नहीं चलती जनता के बीच जाना पड़ता है। कानून से ऊपर कोई नहीं है। देश का कानून सबके लिए बराबर है। फिर छोटा हो या बड़ा, ये मोदी सरकार ने साबित कर दिया है। हम चुनाव मोदी के लिए लड़ रहे हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम मोहन यादव ने मंच से कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सवा 100 साल पुरानी पार्टी चला रहे है और रजिस्ट्रेशन नहीं करवा रहे तो विभाग तो कार्रवाई करेगा और जब कार्रवाई हुई तो हम पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। चौकीदार ने इसीलिए कहा कि खाऊंगा भी नहीं और खाने भी नही दूंगा। उन्होंने कहा कि अब बच्चा-बच्चा नरेंद्र मोदी हो गया हर कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी बन गया। मोदी जी छुट्टी नहीं लेते अब कोई कार्यकर्ता भी छुट्टी नहीं लेगा। मोदी जी के हाथ में सब असंभव काम आते जिसको वो संभव करके दिखाते हैं।
सीएम बोले- देश में कांग्रेस पार्टी ने हिंदू-मुस्लिम को लड़ाया। राम मंदिर बनेगा, तो हिंदू मुस्लिम लड़ेंगे। धारा 370 हटेगी, तो खून की नदियां बहेंगी। ऐसा भ्रम फैलाया। उन्होंने कहा कि अटल जी पाकिस्तान से मित्रता करने बस में बैठकर गए थे, लेकिन धोखा मिला, जिसका मुंह तोड़ जवाब दिया गया। पाकिस्तान टेढ़ा काम करता है, तो उसे सीधा करने का काम भी मोदी जी करते हैं। राम मंदिर के शिलान्यास से लेकर भव्य उद्घाटन में देश एकजुट हो गया।
सीएम रात 11 बजे बड़वानी पहुंचे। यहां एक निजी होटल पर लोकसभा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह पटेल सहित भाजपा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
दोपहर 2 बजे सेंधवा के भोंगर्या हाट में पहुंचे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेंधवा के किला मैदान में पहुंचकर भगोरिया हाट में हिस्सा लिया। यहां शाम 4 बजे जनजातीय आयोग भारत सरकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य के निवास पर भेंट कर भोजन किया।