ओवैसी पर भड़के सीएम डॉ. मोहन यादव, बोले- MP को हैदराबाद न समझें; मंडला की घटना पर कहा था- घर मुसलमानों के तोड़े जाते हैं
मंडला/ भोपाल मंडला में गोमांस का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई के बाद हैदराबाद सांसद और एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला। इसके बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी ओवैसी के बयान का जवाब दिया है।
जानिए, ओवैसी ने क्या लिखा…
उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा, ‘2015 में अखलाक के फ्रिज में रखे गोश्त को बीफ बता कर एक हुजूम ने घर में घुसकर उन्हें मार दिया था। न जाने कितने मुसलमानों पर “तस्करी” और “चोरी” का झूठा इल्जाम लगाकर उनका कत्ल कर दिया गया।
जो काम पहले भीड़ करती थी, वो काम अब सरकार कर रही है। मध्यप्रदेश सरकार ने कुछ मुसलमानों पर इल्जाम लगाया कि उनके फ्रिज में बीफ था। 11 घरों पर बुलडोजर चला दिया। नाइंसाफी का सिलसिला थमता नहीं। चुनाव के नतीजों से पहले और बाद में भी, घर मुसलमानों के ही तोड़े जाते हैं। कत्ल मुसलमानों के ही होते हैं, जिन्हें झोली भर-भर के मुसलमानों का वोट मिलता है, वो क्यों चुप हैं?’
CM Dr. Mohan Yadav got angry at Owaisi
सीएम डॉ. मोहन यादव का औवेसी को जवाब
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, ‘औवेसी दो वर्गों की बात करते हैं। दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि वे जिस वर्ग को बिलांग करते हैं, वे उस वर्ग को भी लज्जित करते हैं। भारत में संविधान से सरकारें चलती हैं। हमारी सरकार अपराध पर कार्रवाई करना लगातार जारी रखेगी। कानून के अंतर्गत सबको चलना होगा। हम काम्प्रोमाइज नहीं करने वाले हैं। गुंडा तत्वों के खिलाफ सरकार का निर्णय कठोरता से पेश करेंगे। आम जनता पर कष्ट बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सीएम ने कहा- मेरी तरफ से औवेसी को यह बात पहुंचा दीजिए कि वे मध्यप्रदेश को हैदराबाद नहीं समझे। मप्र में भाजपा की सरकार है, जो शरारती गुंडई सब प्रकार के तत्वों से निपटने में सक्षम है।

11 आरोपियों के घर ढहाए थे
दरअसल, मंडला के नैनपुर थाना क्षेत्र के भैंसवाही गांव में पुलिस ने शुक्रवार रात दबिश दी थी। बताया गया कि 11 घरों से 150 से ज्यादा जीवित गोवंश और भारी मात्रा में गोमांस, हड्डी, चर्बी सहित अन्य अवशेष मिले।
एक आरोपी वाहिद कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी आरोपी भाग निकले। पुलिस ने मामले में 11 एफआईआर दर्ज की। शनिवार को पुलिस और प्रशासन ने 11 आरोपियों के घरों को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया।
CM Dr. Mohan Yadav got angry at Owaisi
सीएम बोले- सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, ‘गोवंश पर अत्याचार का जघन्य कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मंडला के भैंसवाही में करीब 150 गायों को बचाया है। आरोपियों के खिलाफ 11 एफआईआर दर्ज हुई है।
इन 11 अतिक्रमणकर्ताओं के 11 मकान और 6 गोदाम को अतिक्रमण मुक्त करते हुए कुल 12 हजार 728 वर्ग फीट क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया है। गोवंश पर अत्याचार करने वालों को स्पष्ट चेतावनी है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।’
CM Dr. Mohan Yadav got angry at Owaisi
कांग्रेस ने कार्रवाई का समर्थन किया
मंडला में गोमांस के अवैध कारोबारियों पर हुई कार्रवाई का कांग्रेस ने भी समर्थन किया है। निवास से कांग्रेस विधायक चैन सिंह वरकड़े ने कहा कि मंडला शांत जिला है, जहां इन सभी चीजों के लिए उचित स्थान नहीं है। जो भी अपराधी इसमें संलिप्त रहे हैं, उन पर कार्रवाई हो। उन पर प्रतिबंध लगे।