Tuesday, April 7, 2026
MPCRIME

पत्नी को बंधक बनाकर मिर्च कारोबारी की हत्या, घर में घुसकर जेवर लूटे

Chilli trader murdered after holding his wife hostage In Dhar
तस्वीर व्यापारी और उनकी पत्नी की है।

धार। धार जिले के सरदारपुर में बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से मिर्च कारोबारी की हत्या कर दी। आरोपियों ने कारोबारी की पत्नी को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी जेवर लूट ले गए। घटना गोंदीखेड़ा चारण गांव में सोमवार रात 1 से 2 बजे के बीच की है। सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। 

Chilli trader murdered after holding his wife hostage In Dhar

कारोबारी की पत्नी बोली- घसीटते हुए कमरे में ले गए आरोपी

कारोबारी की पत्नी प्रियंका का वीडियो भी सामने आया है। प्रियंका ने बताया कि घर में चार लोग घुसे थे। उन्होंने पहले मेरी मुंह दबाया। कहा कि जो कुछ भी है, उसे दे दो, नहीं तो जान से मार देंगे। आरोपियों ने मारपीट की और घसीटते हुए कमरे तक ले गए।

प्रियंका के अनुसार आरोपियों ने अलमारी में सामान तलाशने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद कहा कि वह खुद ही सामान निकालकर दे देंगी, बस उन्हें छोड़ दिया जाए। उन्होंने सामान निकालकर दे दिया। वह करीब आधे घंटे तक चिल्लाती रहीं। इस दौरान एक आरोपी उनके पास ही बैठा रहा। उनके हाथ-पैर पीछे की ओर बांध दिए गए थे। कपड़े भी फाड़ दिए थे। जब उन्होंने चिल्लाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने धमकी दी कि उनके पति को मार देंगे।

प्रियंका ने बताया कि दो लोग साफ दिखाई दिए, जबकि बाकी अन्य लोग भी मौजूद थे। उनके पास दो से तीन लोग ही थे। आरोपियों के पास हथियार भी थे। हालांकि, उनके पति को किस हथियार से मारा गया, इसकी जानकारी नहीं है, क्योंकि उस समय उन्हें बेड पर बांध दिया गया था। वह कुछ देख नहीं पाईं।

ज्यादा खून बहने से मौत

एएसपी पारुल बेलापुरकर के मुताबिक जांच में पता चला है कि बदमाश तैयारी के साथ व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित के घर में घुसे थे। उन्होंने व्यापारी की पत्नी को अलग कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद देवकृष्ण पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। ज्यादा खून बहने से उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरदारपुर सिविल अस्पताल भेजा गया है।

वारदात के बाद गांव में दहशत और आक्रोश है। जानकारी मिलते ही जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

Chilli trader murdered after holding his wife hostage In Dhar

घर का सामान अस्त-व्यस्त किया

बदमाशों ने वारदात के दौरान घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। कितने बदमाश थे। कितने का सामान ले गए। इसके बारे में पता नहीं चला है। पुलिस कारोबारी की पत्नी के बयान नहीं ले पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *