कुत्ता काटने के 25 दिन बाद मासूम की मौत; तीन वैक्सीन लगने पर भी दिमाग में पहुंचा वायरस

दतिया। दतिया में रेबीज का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां स्ट्रीट डॉग के काटने के 25 दिन बाद 6 साल के मासूम की मौत हो गई। चिंता की बात ये है कि उसे एंटी-रेबीज वैक्सीन की तीन डोज भी दिए गए थे। जिला स्तर पर यह ऐसा पहला मामला है। विशेषज्ञों के मुताबिक सिर और गर्दन पर काटने से वायरस तेजी से दिमाग तक पहुंचा, जिससे जान चली गई।
दतिया के सपा पहाड़ क्षेत्र में रहने वाले अशोक प्रजापति का 6 वर्षीय बेटा हंस प्रजापति 13 जनवरी की दोपहर घर के बाहर खेल रहा था, तभी स्ट्रीट डॉग ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के सिर, हाथ और गर्दन पर काट लिया। गली में रहने वाली सीमा कुशवाहा ने चीख सुनकर कुत्ते को भगाया।
तीन डोज लगे, कल लगना थी चौथी
परिजन बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने एंटी-रेबीज वैक्सीन, टिटनेस का इंजेक्शन और इम्युनोग्लोबिन लगाया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जनवरी को दूसरी और 20 जनवरी को तीसरी डोज दी गई। आखिरी डोज 10 फरवरी को लगनी थी।
Child dies 25 days after dog bite In Datia
6 फरवरी को मुंह से बहने लगी लार
6 फरवरी की शाम बच्चे में रेबीज के लक्षण दिखाई देने लगे। वह स्कूल से घर आया, तो सिर दर्द की शिकायत की और मुंह से लार बहने लगी। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल के पीआईसीयू में भर्ती कराया गया। यहां से डॉक्टरों ने ग्वालियर रेफर किया। परिजन ग्वालियर से झांसी लेकर गए। शनिवार-रविवार की रात बच्चे ने दम तोड़ दिया।

परिवार को सता रहा संक्रमण का डर
मृतक बच्चे के दादा पूरन प्रजापति ने बताया कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने परिवार को वैक्सीनेशन कराने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि जब बच्चे में रेबीज के लक्षण आए थे, उस समय परिवार के सदस्य उसके संपर्क में थे। लार या शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क से संक्रमण फैलने की आशंका रहती है। अब परिवार दहशत में है।
Child dies 25 days after dog bite In Datia
चाचा बोले– बच्चे का उचित इलाज नहीं किया गया
मृतक के चाचा हरिराम प्रजापति ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में बच्चे का उचित इलाज नहीं किया गया। उनका कहना है कि 13 जनवरी को काटने के बाद सभी वैक्सीन लगी थीं। 6 फरवरी को तबीयत बिगड़ने पर फिर अस्पताल लेकर गए, लेकिन समय रहते सही इलाज नहीं मिला। डॉक्टरों ने देर से रेफर किया।
नगरपालिका ने कहा- कुत्तों को मार दो, उठा लेंगे
मोहल्ले वालों का आरोप है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का झुंड सक्रिय है। इससे पहले भी ये कुत्ते बच्चों और पालतू जानवरों पर हमला कर चुके हैं। कई बार शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि अधिकारियों ने कहा, “कुत्तों को मार दो, हम उठा लेंगे।” मजबूरी में मोहल्ले के लोगों ने तीन-चार कुत्तों को मारकर गली से बाहर फेंक दिया।
Child dies 25 days after dog bite In Datia
