Sunday, June 8, 2025
MP

शादी के बाद पहली बार बेटी मायके आई, उसी दिन पुलिस निरीक्षक पिता की मौत

मंदसौर। मंदसौर के मल्हारगढ़ में कार ने पुलिस निरीक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। निरीक्षक रतलाम में पुलिस लाइन में पदस्थ थे। हादसा रविवार शाम सड़क क्रॉस करते समय हुआ। निरीक्षक अपनी बेटी की शादी के लिए एक महीने की छुट्टी पर गृह ग्राम बोरखेड़ी इंदौर आए थे। रविवार को ही उनकी बेटी पहली बार ससुराल से मायके भी आई थी। 

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 6 बजे रतलाम पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक रामचंद्र भाटी (58) महू-नीमच राजमार्ग फोरलेन पर मल्हारगढ़ में पगारिया पेट्रोल पंप के निकट से बाइक से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान, फोर लेन पर तेज गति से आ रही कार (एमपी 09 सीएफ 0029) ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में निरीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मल्हारगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, यहां चिकित्सक जितेंद्र पाटीदार ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी मिलने पर एसडीओपी मनोज रत्नाकर, टीआई राजेंद्र पंवार मौके पर पहुंचे। टीआई पंवार ने बताया की पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 

बेटी की शादी के लिए एक महीने की छुट्टी लेकर आए थे 

निरीक्षक आरसी भाटी मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ी इंदौर के रहने वाले थे। हाल ही में उनकी बेटी की शादी हुई थी। शादी के लिए ही एक महीने की छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। रविवार को वह बाइक से किसी काम से मल्हारगढ़ आए थे। वापस गांव में लौटते समय हादसा हो गया। भाटी के इकलौते बेटे का भी कुछ साल पहले निधन हो गया था। उनके एक पोता है। रविवार को ही उनकी बेटी ससुराल से पहली बार मायके आई थी। घटना ने परिवार में खुशी के माहौल को मातक में बदल दिया। एसडीओपी मनोज रत्नाकर ने रतलाम एसपी व एएसपी को घटना की जानकारी दी। उनका अंतिम संस्कार 8 मई को सुबह 9 बजे बोरखेड़ी इंदौर में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *