Sunday, June 8, 2025
MP

दलित दूल्हे की बारात पर दबंगों ने फेंके पत्थर, तीन पुलिसकर्मी घायल

छतरपुर। छतरपुर में दबंगों ने दलित दूल्हे की बारात पर पत्थर फेंके। दलित दूल्हे को घोड़ी पर सवार देख गांव के दबंग नाराज हो गए। घटना बकस्वाहा थाना क्षेत्र के चौरई गांव में सोमवार शाम की है। घटना मे तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसमें 20 आरोपी नामजद हैं। पुलिस कार्रवाई मंगलवार सुबह 4 बजे तक चलती रही।

जानकारी लगते ही एसपी अमित सांघी और एएसपी समेत दो थानों का बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद भी पथराव नहीं रुका। आखिरकार पुलिस की मौजूदगी में बारात को सागर जिले के शाहगढ़ के लिए रवाना किया गया।

DSP बोले- बारात को पुलिस ने दी सुरक्षा

बड़ा मलहरा DSP शशांक जैन ने बताया कि बकस्वाहा थाना क्षेत्र के चौरई गांव से रितेश अहिरवार की बारात सागर के शाहगढ़ जा रही थी। इससे पहले गांव में घोड़ी पर बैठकर दूल्हे की रास फैराई (घुमाई) जानी थी। गांव के एक समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया। यह विरोध बलवा में बदल गया। जानकारी लगने पर पुलिस बल ने पहुंचकर स्थिति संभाली।

पुलिस सुरक्षा में रास फिराई गई, तब कहीं देर शाम बारात शाहगढ़ के लिए रवाना हुई। बारात को पुलिस की सुरक्षा दी गई। शादी के बाद भी अन्य कार्यक्रम पुलिस सुरक्षा में किए जाएंगे। दूल्हा दिल्ली में काम करता है।

पुलिस ने नहीं बताए आरोपियों के नाम

आरोपियों पर रास्ता रोकने, बलवा का प्रयास, बलवा, पथराव, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, मारपीट, धमकी देने समेत SC-ST एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आरोपियों के नाम नहीं बताए हैं। पुलिस ने खुद एफआईआर दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *