पेशाबकांड के आरोपी का घर तोड़ने पर ब्राह्मण समाज ने खोला मोर्चा, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, बोले- पितृ पक्ष में मुख्यमंत्री का पिंडदान करेंगे
सीधी। सीधी पेशाबकांड के आरोपी प्रवेश शुक्ला का घर तोड़ने को लेकर ब्राह्मण समाज ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ब्राह्मण समाज ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित कुलदीप भारद्वाज ने कहा, पितृ पक्ष में मुख्यमंत्री का पिंडदान किया जाएगा।
दोपहर को अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। इससे पहले, वीथिका भवन में 3 घंटे तक धरना दिया। ब्राह्मण समाज के लोगों के कलेक्ट्रेट पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने गेट बंद कर दिए। काफी देर बाद भी कलेक्टर साकेत मालवीय बाहर नहीं आए, तो उन्होंने ज्ञापन नहीं देने का फैसला किया। इसके बाद गधे को कलेक्टर की संज्ञा देकर गेट पर चिपका दिया।
दोषी को सजा मिले, परिवार का क्या कसूर
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित कुलदीप भारद्वाज ने कहा कि कलेक्टर की तानाशाही से हम नाराज हैं। अगर कोई दोषी है, तो उसका घर गिराया जाना उचित है, लेकिन घर में अन्य सदस्य भी रहते हैं। जमीन भी आरोपी के नाम नहीं है, तो फिर परिवारवालों का क्या कसूर है? उसकी मां, बहन, पत्नी और बेटी को क्यों सड़क पर जीने के लिए छोड़ दिया गया? प्रशासन की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। सरकार ने अन्याय किया है। यह पूरे समाज के साथ अन्याय है।
समाज के प्रदेश अध्यक्ष पं. राजेश दुबे ने कहा कि सभी जाति के लोग हमारे साथ हैं। आरोपी प्रवेश शुक्ला की गिरफ्तारी हुई, रासुका भी लगा, लेकिन उसके परिजनों का क्या दोष, उनका घर गिरा दिया गया। मामले की जांच भी होनी चाहिए, क्योंकि यह वीडियो दो-तीन साल पहले का है। किसने बनाया, इसके पीछे किसका हाथ था, इसके पहले क्यों वायरल नहीं किया गया, इन सभी बिन्दुओं की जांच होनी चाहिए।