गंगा-जमना के संचालक का भोपाल में बॉयज हॉस्टल और रेडीमेड गारमेंट्स का शोरूम, निगम ने दिया नोटिस
भोपाल। हिंदू छात्राओं को हिजाब पहनाने और धर्मांतरण का आरोप है दमोह के गंगा-जमना मामले में नया खुलासा हुआ है। गंगा-जमना का नेटवर्क भोपाल तक फैला हुआ है। राजधानी के अशोका गार्डन क्षेत्र में ‘श्रीराम’ नाम से बहुमंजिला इमारत में बॉयज हॉस्टल और रेडीमेड गारमेंट्स का शोरूम भी चल रहा है। भोपाल नगर निगम ने अब नोटिस देकर कई बिंदुओं पर जानकारी मांगी है।
गौरतलब है कि मामला की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने स्कूल संचालक की संपत्ति की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद उसकी संपत्ति खंगाली जा रही है। शुक्रवार को जबलपुर में इदरीश खान के ठिकानों पर पांच सरकारी विभागों की टीम ने छापामारी की। दाल मिल ‘गंगा जमना पल्स’ में कृषि मंडी, वन विभाग और जीएसटी विभागों ने दबिश दी थी।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने ट्वीट कर लिखा- गंगा जमना ग्रुप द्वारा राजधानी में छात्रों के लिए हॉस्टल संचालित करने की सूचना भी मिली है। इस का नाम श्री राम हॉस्टल होने की जानकारी मिल रही है। प्रबंधक भी अपना नाम उपाध्याय बता रहा है। क्या पहचान बदल के हॉस्टल चलाया जा रहा है? इसके बाद निगम की टीम हरकत में आई।

श्रीराम बॉयज हॉस्टल नाम से चल रहा
ट्वीट के बाद भोपाल नगर निगम हरकत में आया। पता चला कि अशोका गार्डन क्षेत्र में संचालकों की ओर से ‘श्री राम बॉयज हॉस्टल’ नाम से संचालन किया जा रहा है। निगम की टीम शनिवार को यहां पहुंची, लेकिन कोई नहीं मिला। अंदर कमरों में ताला लगा था। यहां फर्स्ट फ्लोर पर हॉस्टल संचालित है। हॉस्टल में अंदर उर्दू में लिखे कुछ पोस्टर भी चिपके मिले हैं। कपड़ों के शोरूम पर भी नोटिस चस्पा किया है। वहीं, रेडीमेड गारमेंट्स का शोरूम भी बंद मिला।
हॉस्टल पर नोटिस चस्पा
निगम के अधिकारी हॉस्टल पर नोटिस चस्पा कर आए। नोटिस बिल्डिंग के मालिक मोहम्मद राशिद के नाम से है। नोटिस में बिल्डिंग की परमिशन, निर्माण कार्य पूरा होने, बिल्डिंग किराए पर देने और किराएदार की जानकारियों समेत दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कहा है। साथ ही, 12 बिंदुओं पर जानकारी मांगी है।
निगम ने तीन दिन में जवाब मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि जवाब नहीं देने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।